पिता ने कहासुनी के बाद अपने बेटे को खेत में बुलाकर कुलदीप की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या आरोपी बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। सात फरवरी की रात को पीट-पीटकर किसान की हत्या की थी।
हरियाणा के भिवानी के गांव तालू निवासी किसान कुलदीप हत्याकांड में सदर थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या आरोपी बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि कुलदीप की हत्या मामूली कहासुनी की वजह से हुई थी। पुलिस ने हत्या आरोपियों से एक बाइक और एक डंडा बरामद किया है।
विज्ञापन
गांव तालू निवासी सतबीर ने सदर पुलिस को शिकायत दी थी। उसने शिकायत में बताया था कि उसका बेटा कुलदीप खेती बाड़ी करता था। गत सात फरवरी को खेतों की रखवाली करने के लिए नीम वाले खेतों में रात को सोने के लिए गया था। कुलदीप के पिता सतबीर को गांव के ही कुछ लोगों ने उसके बेटे की हत्या की सूचना दी। जिसके बाद परिजन खेत में पहुंचे। कुलदीप चारपाई पर मृत पड़ा था।
जिसकी लाठी डंडों से पीट-पीट कर हत्या की गई थी। मृतक के पिता की शिकायत पर इस संबंध में हत्या का केस दर्ज किया था। सदर पुलिस थाना के उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने कुलदीप हत्याकांड के दोनों आरोपियों को गांव तालू से गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान रमेश उर्फ गब्बू वासी तालू व उसके बेटे सुधीर के रूप में हुई है।
विज्ञापन
पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई एक बाइक और एक डंडा भी बरामद किया। पुलिस पूछताछ में हत्या आरोपी रमेश ने बताया कि नीम वाले खेतों में बैठकर शराब पी रहे थे। किसी बात को लेकर कुलदीप के साथ अनबन हो गई थी। जिस पर रमेश ने अपने लड़के सुधीर को खेत में बुलाया और फिर दोनों ने मिलकर पीट-पीटकर कुलदीप की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों हत्या आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेजने के आदेश हुए हैं।