धारेडू गांव में बुधवार सायं को संदिग्ध हालात में जोहड़ में डूबे सफाई कर्मी का देर रात शव मिला। गोताखार व अन्य तैराकों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया। पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। बुधवार सायं करीब पांच बजे धारेडू गांव के रविदास मंदिर के पास बने लीलासर जोहड़ में संजय नामक करीब 40 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में जोहड़ में डूब गया। सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बचाव कार्य किए। सूचना पर सदर थाना पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। गोताखोर को भी बुलाया गया।
गोताखोर व अन्य तैराकों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद देर रात करीब 10 बजे डूबे युवक संजय का शव बरामद किया। मृतक के चचेरे भाई रणधीर ने बताया कि संजय गांव में ही सफाई कर्मचारी था। उसके तीन बच्चे है। परिजनों ने बताया कि प्रशासन की ओर से यदि जल्दी कदम उठाए जाते या गोताखोर पहले आता तो शायद संजय को बचाया जा सकता था। मामले में सदर थाना से एएसआई सत्यनारायण वत्स ने बताया कि संजय युवक की डूबने से मौत हुई है।। इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव परिजनों के सौंप दिया है।