हरियाणा के भिवानी में शेयर बाजार में कम समय में दोगुना पैसे करने का लालच देकर दो व्यक्तियों ने एक व्यक्ति के 11 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने इसकी सूचना सिटी थाना पुलिस को दी। पुलिस को दी शिकायत में फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी विवेक शील ने बताया कि उसकी बीटीएम चौक पर कंप्यूटर की दुकान है। इसके साथ वह शेयर बाजार में ट्रेडिंग भी करता है।
गत 15 दिसंबर की रात को उसके पास इंदौर मध्यप्रदेश से मिलिंद विश्वास व भारती नामक दो व्यक्तियों के फोन आए थे। उन्होंने विवेक शील को बताया कि उनकी दी ट्रेडमैक्स कंपनी नामक संस्था है जिसमें वे कम समय थोड़ी रकम से शेयर बाजार में निवेश करवाकर ज्यादा मुनाफा दिलवाते हैं। उन्होंने फिर अपनी कंपनी के ऑफर के बारे में बताया और कहा कि वे 50 हजार रुपये की गारंटी के साथ तीन महीने में शेयर बाजार से 12.50 लाखे रुपये का मुनाफा देंगे।
इनके झांसे में आकर व्यक्ति ने इतने पैसे उनके कही जगह पर लगा दिए। फिर दोनों व्यक्तियों ने एक आफॅर के बारे में और बताया और कहा कि 25 दिन में वे सात लाख रुपये को 42 लाख रुपये कर देंगे। इस लालच में आकर व्यक्ति ने अलग-अलग समय में दोनों व्यक्तियों के बैंक खाते में 11.50 लाख रुपये भेज दिए।
जब कुछ समय के बाद व्यक्ति ने उनके पास फोन कर अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने टैक्स के पैसे मांगे। जब व्यक्ति ने उनके पास दोबारा फोन मिलाया तो उनका फोन बंद बता रहा था। ये देखकर व्यक्ति को अपने साथ धोखा होने का अंदेशा हुआ। उसने कंपनी की जांच की तो उस नाम से कोई कंपनी नहीं मिली। तब व्यक्ति को समझ आया कि उसके साथ साइबर धोखाधड़ी हुई है। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।