भिवानी के कस्बा बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव सीपर में वीरवार को फंदे पर लटकी मिली महिला के शव का शुक्रवार सुबह भिवानी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका की बहन की शिकायत पर बवानीखेड़ा पुलिस ने आरोपी पति, सांस, देवर और जेठ के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। मृतक पांच बहनों में चौथे नंबर पर थी और उनके माता-पिता और इकलौते भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। शिकायतकर्ता महिला ने मृतका की छोटी बेटी को भी ससुराल वालों द्वारा पानी में डूबोकर मार डालने का आरोप लगाया है।
माता-पिता और इकलौते भाई की पहले हो चुकी थी मौत
बवानीखेड़ा पुलिस को दिए बयान में हनुमान ढाणी चौक क्षेत्रवासी रेखा ने बताया कि वे पांच बहनें हैं। उनका इकलौता भाई शंकर जिसकी एक साल पहले ही मौत हो चुकी है। रेखा ने बताया कि उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो गई थी। चौथे नंबर की बहन दर्शाना(28) की शादी करीब दस साल पहले गांव सीपर निवासी रामप्रसाद उर्फ कुकु के साथ हुई थी। शादी के बाद उसकी दो लड़की और एक लड़का है। रेखा ने आरोप लगाया कि रामप्रसाद उसकी बहन दर्शना के साथ रोजाना मारपीट करता था और उसके इस कृत्य में उसकी माता, छोटा व बड़ा भाई भी साथ देता था।
बहन का आरोप, मृतका की बेटी को भी ससुराल वालों ने पानी में डूबोकर मारा था
उसनका आरोप है कि करीब एक साल पहले भी रामप्रसाद व उसकी माता, बड़े और छोटे भाई ने मिलकर दर्शाना की छोटी लड़की को पानी की टंकी में डूबोकर मार दिया था। उस समय भी दर्शना ने लड़की को बचाने की कोशिश की थी तो उसे बुरी तरह पीटा गया था। उसने बताया कि उसकी बहन दर्शना के पास उसके पति रामप्रसाद ने 16 फरवरी की सुबह फोन पर धमकी दी थी कि घर नहीं आई तो जान से मार दूंगा। दर्शना घर पहुंची तो उसे बुरी तरह मारा पीटा गया। उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे।
फिलहाल बवानीखेड़ा पुलिस ने शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया वहीं इस संबंध में आरोपी पति रामप्रसाद उर्फ कुकु, उसकी मां, छोटे और बड़े भाई के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी। पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई अमरजीत ने बताया कि पुलिस ने चार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर इस संबंध में जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। संवाद