भिवानी के सेक्टर 13 में दो युवकों को फर्जी किन्नर कर बधाई मांगना महंगा पड़ गया। मौके पर पहुंचे असली किन्नरों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस स्टेशन ले गए। पुलिस स्टेशन में किन्नरों ने रोहतक के इन दो युवकों पर फर्जी किन्नर बन बधाई लेने, लोगों से रुपये ऐंठने का आरोप लगाया। इस बात को लेकर सेक्टर 13 चौकी में हंगामा भी हुआ। बाद में फर्जी किन्नरों ने माफी मांग पीछा छुड़वाया। हालांकि पुलिस इस मामले को क्षेत्र विवाद का मामला बताया।
मामला बुधवार दोपहर का है। सेक्टर 13 में दो किन्नर घर-घर जाकर बधाई मांग रहे थे। सूचना मिलते ही किन्नर महंत सेक्टर में पहुंची और दोनों को पकड़ लिया। दोनों को सेक्टर 13 चौकी लाया गया। यहां काफी विवाद हुआ। किन्नर महंत ने आरोप लगाया कि उक्त युवक किन्नर है ही नहीं। पुरुष है जो किन्नर का वेष धारण आमजन से रुपये ऐंठ रहे है। चौकी में हंगामे के बाद दोनों युवकों ने माफी मांगी और मामला रफा दफा किया गया। किन्नर महंत बुलबुल ने बताया कि कुछ युवक फर्जी तरीके से किन्नर बनकर लोगों से रुपये ऐंठ रहे थे। पहले भी इस तरह की शिकायतें आई है। आज दो युवक पकड़े गए है। मामले में सेक्टर 13 चौकी इंचार्ज एएसआई रामनिवास ने बताया कि किन्नरों में क्षेत्र को लेकर विवाद था। एक पक्ष ने माफी मांग ली और मामला निपटा लिया गया है।