भिवानी के कालूवास गांव में पारिवारिक विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के सिर में रॉड मारकर हत्या कर दी। महिला ने पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ा। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। शव का सोमवार को पीजीआई में पोस्टमार्टम होगा।
झगड़ा 16 सितंबर को हुआ। कालूवास वासी मजदूर गोपी का अपनी पत्नी के साथ अक्सर झगड़ा होता था। 16 की शाम को हुए झगड़े में उसने अपनी पत्नी सुंदर(36) के सिर में रॉड मारी। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। तुरंत उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। शनिवार रात करीब एक बजे पीजीआई में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर महिला के मायके पक्ष हिसार के सीसर गांव से परिजन पीजीआई पहुंचे। सूचना पर गुजरानी चौकी पुलिस भी पीजीआई पहुंची। मृतका के भाई रामफल के बयान पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतका के तीन बच्चे हैं।
मामले में गुजरानी चौकी से इंचार्ज ईएसआई शमशेर सिंह ने बताया कि पति-पत्नी का आपसी पारिवारिक झगड़ा था। इसी झगड़े में गोपी ने अपनी पत्नी शमशेर के सिर में चोट मारी। जिससे उसकी मौत हुई। गोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
आर्थिक तंगी बनती थी झगड़े की जड़
गोपी मजदूरी करता था और अक्सर वह खाली रहता था। पति-पत्नी में इसी बात को लेकर झगड़ा होता था। दोनों में कई बार हाथापाई हो चुकी थी। झगड़े वाले दिन भी कहासुनी हुई और गुस्से में गोपी ने लोहे की रॉड महिला सुंदर के सिर में मारी।