भिवानी में फाइनेंसर सोनू की हत्या करने वालों की तलाश में पुलिस ने शहर की विभिन्न कॉलोनियों में छापेमारी की, मगर तीनों नामजद युवक अपने ठिकानों पर नहीं मिले। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि बीते बृहस्पतिवार को बस स्टैंड के पास अपने कार्यालय में सोये फाइनेंसर विद्यानगर वासी सोनू पर आधा दर्जन युवकों ने हमला कर दिया था। पीजीआई में उपचार के दौरान सोनू की मौत हो गई थी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए शहर थाना पुलिस और जैन चौक चौकी पुलिस ने टाइयान पाना, एमसी कॉलोनी, भारत नगर में छापेमारी की। सूत्र बताते है कि कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है मगर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर मृतक के चचेरे भाई सुनील ने बताया कि फाइनेंस पर लिए रुपये लौटाने के लिए कहां तो सोनू की हत्या की गई है। हमने पुलिस को तीन नाम बताये थे और कुछ अन्य भी हमला करने में शामिल थे मगर पुलिस ने सिर्फ तीन के खिलाफ ही हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले में एसएचओ शहर विक्रम सिंह ने बताया कि हत्या आरोपी काबू आने के बाद ही पूरा मामला साफ होगा।