चरखी दादरी के बौंदकलां में चंडीगढ़ से बौंदकलां सीएचसी पहुंची एसआईटी टीम ने यहां तैनात एक कर्मचारी को उसके परिचित सहित काबू कर अपने साथ ले गई। इन दोनों की एंट्री बौंदकलां थाने में भी दर्ज करवाई गई है। बताया जा रहा है कि जन्म-मृत्यु पंजीकरण शाखा में तैनात कर्मचारी के परिचित पर चंडीगढ़ के एक थाने में मामला दर्ज था और वह कुछ दिनों से उक्त कर्मचारी के पास ही रह रहा था।
बुधवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे एसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में चंडीगढ़ पुलिस की स्पेशल टीम ने बौन्दकलां सीएचसी में दबिश दी। पुलिस ने सीएचसी से सोनीपत जिले के गांव कामी निवासी बिजेंद्र को काबू कर लिया। इस मामले में सीएचसी की जन्म-मृत्यु पंजीकरण शाखा में कार्यरत कलानौर के गांव बसाना निवासी रविंद्र को भी टीम अपने साथ लेकर गई है। एसआईटी टीम को देखकर बिजेंद्र ने मौके से भागने का प्रयास भी किया लेकिन टीम सदस्यों ने उसे तुरंत काबू कर लिया। एसआईटी टीम पहले दोनों को साथ लेकर बौंदकलां थाने पहुंची और यहां एंट्री करवाने के बाद चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई। टीम सदस्यों ने बताया कि चंडीगढ़ के सेक्टर-11 के पुलिस थाने में धारा 409, 420, 120बी पीसी एक्ट के तहत मामला भी दर्ज है।
चंडीगढ़ पुलिस अपने साथ ले गई दोनों को: एसएचओ
बौंदकलां थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर को चंडीगढ़ पुलिस की एक टीम आई थी। किसी मामले में पूछताछ के लिए यह दबिश दी गई थी। टीम इस मामले में सोनीपत जिला निवासी बिजेंद्र और सीएचसी में कार्यरत बसाना निवासी रविंद्र कुमार को अपने साथ लेकर गई है।