चरखी दादरी में हथियार के बल पर कार छीनने के आरोपी को सीआईए पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कार छीनकर हिसार भाग गए थे जहां उन्होंने शराब ठेकेदार की हत्या कर दी थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा
सीआईए पुलिस इंचार्ज शमशेर सिंह ने बताया कि 20 अप्रैल को शहर के चिड़िया मोड़ से कार सवार तीन बदमाशों ने झोझू निवासी बिजेंद्र से कार से छीन ली थी। कार सवार बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर वारदात को अंजाम दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने क्षेत्र की नाकेबंदी की थी लेकिन आरोपी कार में सवार होकर हिसार भाग गए थे। बाद में आरोपियों ने हिसार में शराब ठेकेदार की हत्या कर दी थी। उसके बाद आरोपी फरार थे। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। शमशेर सिंह ने बताया कि घटना में संलिप्त आरोपी अंकुश निवासी रिडाना जींद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी मनोज व संदीप निवासी नौगावां अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पकड़े गए आरोपी अंकुश से पुलिस ने अवैध पिस्तौल व घटना में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद करने का प्रयास कर रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ हिसार पुलिस थाने में भी केस दर्ज है।