फरवरी माह में जाट आरक्षण आंदोलन की आड़ में आगजनी व लूटपाट की घटनाओं में संलिप्त तीन अलग-अलग गांवों के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आदमपुर पुलिस चौकी फूंकने के मामले में बुधवार देर शाम गिरफ्तार किए एक आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, अचीना ताल पुलिस चौकी व गांव सांवड स्थित पेंट शोरूम मे लूटपाट व तोड़फोड़ करने के तीन आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। इन तीनों मामलों में करीब दो सौ से अधिक लोगों पर मामले दर्ज हैं और अन्य सभी उपद्रवियों की भी पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई है।
फरवरी माह में जाट समुदाय ने आरक्षण लेने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया था। शांतिपूर्वक चल रहे आंदोलन की आड़ लेकर क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक जगहों पर उपद्रवियों ने आगजनी व तोड़फोड़ की घटनाएं कर जमकर उत्पात मचाया था। हालांकि पुलिस ने घटना के तुरंत बाद ही इस संबंध में मामले दर्ज कर लिए थे। मगर इनसे जुड़े उपद्रवियों की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी। सीएम मनोहर लाल खट्टर के दो दिन पहले ही उपद्रवियों को किसी कीमत पर न बख्शने के बयान के बाद दादरी पुलिस भी हरकत में आई और मामले को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को इस संबंध में गिरफ्तारी शुरू की। पुलिस ने उपद्रव से जुड़े पहले आरोपी गांव कलाली निवासी राजबीर को गिरफ्तार किया। राजबीर सहित करीब डेढ़ सौ लोगों पर 21 फरवरी को आदमपुर पुलिस चौकी को आग के हवाले करने का मामला दर्ज था। हालांकि पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी राजबीर ने मामले में संलिप्त करीब 20 अन्य लोगों के नाम भी बताए है। मामले की पैरवी कर रहे एसआई गला राम ने बताया कि बृहस्पतिवार को पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
अचीना ताल चौकी में आगजनी करने के दो उपद्रवी गिरफ्तार
उधर पुलिस ने अचीना ताल चौकी में आगजनी करने के मामले में भागनी निवासी अमित व सतेंद्र और सांवड़ में एक पेंट शोरुम जलाने के मामले में सांवड़ निवासी शिवनारायण को गिरफ्तार किया है। अचीना ताल चौकी को आग लगाए जाने से चौकी में खड़ी दो बाइक, एक टीवी व अन्य जरूरी फाइलें जल गई थी। जबकि शोरूम मालिक कोहलावास निवासी इंद्रजीत ने बताया था कि आग से उसकी दुकान में साढ़े पांच लाख नगद, करीब 25 लाख का सामान व दो कार जल गई थी।
जाट आरक्षण के दौरान हुए उपद्रव की जांच पुलिस गंभीरता से कर रही है। इससे जुड़े आरोपियों की शिनाख्त कर सदर थाना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अब तक अलग-अलग मामलों में चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें कलाली निवासी राजबीर, सांवड निवासी शिवनाराण व भागवी निवासी अमित व सतेंद्र शामिल है। जल्द ही अन्य उपद्रवियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
सुरेश हुड्डा, डीएसपी, दादरी