कंपिल। तिलक समारोह के दौरान कन्या पक्ष की ओर से लाई गई बाइक चोरी हो गई। बाइक चोरी होने पर वर पक्ष ने तिलक चढ़वाने से इनकार कर दिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद तिलक चढ़ाया गया। कन्या पक्ष की तरफ से चोरी की तहरीर पुलिस को दी गई है।
जिला एटा के थाना अबागढ़ के वीरनगर निवासी संतोष कुमार ने बेटी रूपम की शादी पट्टी मदारी कंपिल निवासी रामनाथ के पुत्र संतराम के साथ तय की थी।
बुधवार को वह तिलक चढ़ाने के लिए मैनपुरी घनश्यामपुर निवासी अपने साले नीरज के साथ तिलक समारोह में वर पक्ष को दी जाने वाली बाइक लेकर आए थे।
नई बाइक नीचे खड़ी कर वह नाश्ते के लिए ऊपर चले गए। इसी दौरान बाइक चोरी हो गई। जब संतोष और नीरज नीचे आए तो बाइक न देख दंग रह गए। उन्होंने वर पक्ष को इसकी जानकारी दी।
इस पर वर पक्ष के लोग गुस्सा गए और उन्होंने कन्या पक्ष पर आरोप लगाते हुए तिलक चढ़ाने से मना कर दिया। मामला बढ़ता देख कन्या पक्ष ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे वर पक्ष को समझा-बुझाकर तिलक चढ़वाया। संतोष कुमार ने थाने में बाइक चोरी की तहरीर दी। एसओ सुनील कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।