अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। रेलवे में डी ग्रुप भर्ती में नौकरी लगवाने के नाम पर 26 युवाओं से 52 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हिसार के दो युवकों ने स्वयं की नौकरी के लिए और दोस्तों-रिश्तेदारों को नौकरी लगवाने के लिए भिवानी वासी युवक को रुपये दिए। हाल ही में रेलवे विभाग की ओर से जारी उत्तर की जारी की गई गई तो कोई भी पेपर में पास नहीं हुआ। इस पर युवक से रुपये मांगे गए तो आरोपी ने रुपये नहीं लौटाए। साथ ही फोन उठाना भी बंद कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में हिसार के विवेक विहार वासी विष्णु ने बताया कि वह हिसार वासी विक्रम के माध्यम से भिवानी की बैंक कॉलोनी टैगोर नगर वासी कर्ण से मिला था। कर्ण ने बताया कि वह रेलवे में डी ग्रुप में नौकरी लगवा सकता है। इसके लिए पांच लाख रुपये प्रति व्यक्ति लगेंगे। दो लाख रुपये पहले देने होंगे और तीन लाख रुपये रिजल्ट आने के बाद। वह और उसके दोस्त नौकरी के लालच में आ गए। उसने और उसके दोस्तों ने मिलकर अपने अन्य दोस्तों और रिश्तेदारों को बताया। इस तरह उसने और उसके दोस्त ने 13-13 फार्म भरे और आरोपी को प्रत्येक के दो-दो लाख के अनुसार 52 लाख रुपये दिए।
अब 10 जनवरी को रेलवे की ओर से भर्ती प्रक्रिया की ‘की’ ओपन की तो उसमें 26 में से किसी का पेपर पास नहीं हुआ। जिसके बाद वह विक्रम को लेकर आरोपी कर्ण से मिला। आरोपी ने 10 दिन बाद रुपये वापस देने की बात कही। 10 दिन बाद गए तो दोबारा से 10 दिन का नाम ले दिया। उसके बाद फोन करने लगे तो हमारा नंबर ब्लॉक लिस्ट में डाल दिया। अब रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
यूं की गई धोखाधड़ी
शिकायतकर्ता विष्णु ने बताया कि आरोपी कर्ण ने उन्हें बताया कि वे पेपर बिल्कुल खाली छोड़ देना। वे तुम्हारी पेपर देते हुए कि वीडियो बनवाएंगे जो प्रूफ रहेगी कि तुमने परीक्षा दी है। परीक्षा बाद में हम अपने आप करा देंगे। तुम्हें परीक्षा की वीडियो भी दिखाएंगे।
जांच करें तो करोड़ों की ठगी आ सकती है सामने
शिकायतकर्ता विष्णु ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर जांच की तो सामने आया कि उनकी तरह ही अन्य लोगों के साथ भी आरोपी ने ठगी की है। हमें जो सूचना मिली है, उसके तहत बेरोजगारों से करीब नौ करोड़ की ठगी हुई है। पुलिस इसकी गहन जांच करे तो सारे मामले का खुलासा हो और बेरोजगारों को उनकी राशि मिल सकें। विष्णु ने बताया कि सभी ने राशि रिश्तेदारों, दोस्तों से ब्याज पर लेकर, उधार लेकर दी है। अब देनदारों का भी दबाव है।
नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला आया है। शिकायत के आधार पर बैंक कॉलोनी निवासी कर्ण श्योराण के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। अभी जांच की जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। उसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा।
सुरेश कुमार, इंचार्ज
जैन चौक चौकी