भिवानी। रोहतक रोड गांव निनान के समीप कृष्णा रिसोर्ट में एक शादी समारोह में बैंड बजाने आए एक 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतक का जिला सामान्य अस्पताल में रविवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
रोहतक रोड स्थित कृष्णा रिसोर्ट में शनिवार देर रात को शादी समारोह था। जिसमें गांव सीसर खास निवासी 55 वर्षीय हरिराम की बैंड पार्टी में शामिल होकर बाजा बजाने पहुंचा था। देर रात एक बजे हरिराम के अचानक छाती में दर्द उठने पर उसके साथी कर्मचारी उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सदर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला सामान्य अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया और परिजनों के बयान दर्ज कर इस सम्बंध में इत्तफाकिया कार्रवाई की। पुलिस के जांच अधिकारी ने बताया कि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।