भिवानी । एसबीआई की गवर्नमेंट कॉलेज स्थित शाखा में फरसे से हमला कर बदमाश महज एक मिनट 39 सेकेंड में एक लाख रुपये ले गया। बदमाश ने बैंक में घुसते ही सबसे पहले गार्ड पर वार किए और पैसे दो पैसे, जल्दी करो चिल्लाने लगा। बदमाश को फरसे से गार्ड पर वार करता देख भयभीत मैनेजर भी बोलने लगा कि दे दो, दे दो रुपये। जिसके बाद मैनेजर ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर सर्च अभियान चलाया।
बैंक में लूट की वारदात को जिस तरह बदमाश ने अंजाम दिया बैंक में मौजूद सभी कर्मचारी और छात्र घबरा गए। वारदात के समय बैंक में चार कर्मचारी जिनमें बैंक मैनेजर अजय गौतम, कैशियर रामनिवास, चपड़ास दीपक, गार्ड ईश्वर के अलावा दो विद्यार्थी थे। बदमाश ने प्रवेश करते ही गार्ड पर फरसे से छह वार किए। इसके बाद जब कैशियर और फार्म भर रहे बच्चों की तरफ बढ़ा तो बैंक में हड़कंप मच गया। विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने सीसीटीवी कैमरे वाले कंट्रोल रूम में पहुंचकर अपनी जान बचाई। बदमाश पैसे दे दो पैसे चिल्ला रहा था तो घबराया मैनेजर भी बोल रहा था, दे दो इसे दे दो। मैनेजर पहले रुपये देता दिखा तो बाद में भागकर जान बचाई। महज एक मिनट 39 सेकेंड में बदमाश रुपये लेकर निकला गया। मैनेजर अजय गौतम ने बताया कि बदमाश ने आते ही मारना शुरू कर दिया। जिस कारण वे बहुत घबरा गए और उसे रुपये देने लगे। कैशियर रामनिवास ने बताया कि उसने चाबी को नीचे रखा और बदमाश ऊपर रखे करीब एक लाख रुपये ही ले जा सका।
दराती तलाशने के लिए पुलिस के जवानों ने खंगाला पूरा परिसर
बदमाश बैंक में लूटपाट के बाद बैंके के पीछे की ओर ही भागा और मुंह पर ढका अंगोछा फेंक दिया। पुलिस को करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर बदमाश की खून से सनी सफेद शर्ट मिली है। उससे थोड़ा आगे पुलिस को बदमाश द्वारा गार्ड की लूटी डोगा बंदूक बरामद की। इसके बाद पुलिस के करीब 30 जवानों ने दराती की तलाश के लिए एक किलोमीटर का क्षेत्र खंगाला।
डोगा बंदूक वाले स्थान तक ही पहुंच पाया सैम
पुलिस ने मदद के लिए दादरी से डॉग स्क्वॉयड की टीम बुलाई। हेड कांस्टेबल संजय कुत्ते सैम को लेकर पहुंचे। कुत्ते को अंगोछा और शर्ट सूंघाकर बदमाश की तलाश के लिए ले जाया गया लेकिन वह जहां डोगा बंदूक मिली थी, वहीं तक पहुंच पाया। इसके बाद वापस ही आ गया।
गार्ड को बाइक से अस्पताल ले गए विद्यार्थी
वारदात के बाद बैंक के दरवाजे पर खून से लथपथ गार्ड ईश्वर दर्द से कराहता रहा लेकिन ना बैंक कर्मचारी मदद को आए और ना ही साथ लगते कॉलेज से कोई आया। वहां मौजूद विद्यार्थियों ने घायल ईश्वर को बाइक से लेकर सामान्य अस्पताल पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। परिजन उसे रोहतक ले जाने की बजाए हिसार के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं अस्पताल लेकर पहुंचे रोहित, रवि भारद्वाज, अंकित सिवाच, पंकज खिच्ची, साहिल शर्मा, तरुण और राजपूत ने बताया कि उन्होंने मदद के लिए काफी गुहार लगाई। बैंक अधिकारियों, कॉलेज स्टाफ सदस्यों सभी के पास कार है मगर किसी ने मदद नहीं की।
बच गए सात लाख
बदमाश कैशियर के काउंटर के पास रखे खुले में रखे एक लाख रुपये ले गया, लेकिन अलमारी में रखे सात लाख रुपये बच गए। बदमाश ने कैश अलमारी की चाबी भी मैनेजर से ले ली थी। लेकिन मैनेजर अपनी जान बचाने के लिए बाहर भागा तो खुद को खतरा जान बदमाश भी वहां से भाग निकला।
सीबीएलयू के सीसीटीवी में आता दिखा, जाता नहीं
चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी के पीछे की ओर लगे एक कैमरे में बदमाश बैंक की ओर आता तो दिख रहा है लेकिन वहां से गया नहीं। जिस कारण संदेह है कि बदमाश या तो डीसी कॉलोनी में भाग गया या शर्ट उतार वापस आकर मुख्य मार्ग से चला गया।
हमारी 10 टीमें मामले की जांच कर रही है। हर पहलु से जांच की जा रही है। मैनेजर के अनुसार बदमाश एक लाख रुपये ले गया है। केस दर्ज कर लिया है।
गंगाराम पूनिया, पुलिस अधीक्षक