ससुराल आए व्यक्ति के ऑटो रिक्शा के टायर व बैटरी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
हनुमान गेट पर शनिवार रात को अपनी ससुराल आए गांव मिर्च निवासी एक व्यक्ति के ऑटो की बैटरी व तीनों टायर चोरी हो गए। चोर टायर निकाल कर ऑटो को ईंटों पर खड़ा कर फरार हो गए। इस क्षेत्र में तीन दिन के अंदर यह तीसरी चोरी की घटना है। जैन चौक पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की छानबीन की।
गांव मिर्च निवासी राजेश ने बताया कि वह ऑटो रिक्शा चलता है। उसने बताया कि शनिवार को वह अपने ससुराल मिलने के लिए हनुमान गेट बर्फ फैक्टरी के पास आया हुआ था। शनिवार को ऑटो रिक्शा घर के बाहर खड़ी कर सो गया। सुबह उठा तो देखा कि ऑटो रिक्शा ईंटों के सहारे खड़ी और तीनों टायर व बैटरी गायब है। उसने घटना की सूचना जैन चौक पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच की। जैन चौक चौकी इंचार्ज गोपाल दास ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जल्द ही चोरों का सुराग लगाएगी।
--
बीरण गांव में बैटरी की दुकान हजारों की चोरी
भिवानी। गांव बीरण स्थित बैटरी की दुकान का चोरों ने ताला तोड़कर हजारों रुपये के बैटरी व इनर्वटर चोरी कर लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की छानबीन की। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की खोजबीन शुरू कर दी है। गांव बीरण निवासी धर्मपाल ने बताया कि उसने गांव में इनर्वटर व बैटरी की दुकान की हुई है। शनिवार रात को चोरों ने दुकान का ताला तोड़ डाला। चोरों ने वहां दुकान से पांच बैटरी, छह इनटर्वर व चार कंट्रोलर सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। धर्मपाल ने बताया कि सुबह पड़ोस के लोगों ने दुकान का ताला टूटा होने की सूचना दी। वहां पहुंचे तो ताला टूटा हुआ था। उसने सामान चेक किया तो ये सब सामान गायब मिला। घटना की सूचना तोशाम पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एएसआई शमशेर ने मौेके पर पहुंच कर घटना की छानबीन की। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।