अमर उजाला ब्यूरो
बहल। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले पांच मार्च को नई अनाज मंडी में किसान पंचायत होगी। यह फैसला सुरपुरा कलां गांव में किसान नेता रोहताश की अध्यक्षता में आयोजित हुई पंचायत में लिया गया।
पंचायत फैसले के बारे में भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष रवि आजाद ने बताया कि इलाहाबाद बैंक बहल में वर्ष 2017 के बीमा क्लेम से वंचित रहे 223 किसानों को पैसे दिलवाने तथा पीएम किसान निधि योजना में फार्म जमा नहीं होने वाले किसानों को उनका हक दिलाने की मांग को लेकर पंचायत आयोजित की जाएगी। इसके अलावा किसानों से जुड़ी अन्य समस्याओं को भी पंचायत में रखा जाएगा। इस अवसर पर भाकियू नेता पवन शर्मा, भाकियू जिला उपाध्यक्ष महावीर सहारण, कपिल सहारण, प्रेम कुमार, विनोद कुमार, सतबीर, प्रताप, वीरेंद्र, भूपसिंह आदि मौजूद रहे।