अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। प्रेम जाल में फंसाकर लूट का शिकार बनाने वाले गिरोह के एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक महिला के साथ मिलकर युवक अनजान लोगों को फोन पर अपने जाल में फांसते और फिर उसे बुलाकर लूट का शिकार बना लेते थे। पुलिस ने बाढड़ा क्षेत्र के गोपालवास निवासी हरेंद्र उर्फ भाला नामक युवक को गिरफ्तार किया है। जो एक महिला के साथ मिलकर साजिश के तहत लोगों को लूट की वारदात में शामिल रहा है।
हमीरपुर चुरू राजस्थान पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर सदर पुलिस के पास एक मामला भेजा था। जिसमें 30 वर्षीय एक युवक ने बताया था कि उसके पास एक मोबाइल पर एक लडक़ी का फोन आया, जिसने पहले तो बातचीत शुरू की और फिर उसे अक्सर बातें करने लगी। एक-दो दिन इसी तरह बातों के बाद लड़की ने उसे मिलने का प्लान बनाया और उसे 19 फरवरी को बुला लिया। उसने उसे देवसर मोड़ पर मिलने के लिए बोला था। जब वह राजस्थान से आल्टो गाड़ी लेकर आया तो उसे वह लड़की मिली। जिसके बाद गाड़ी में बैठ देवसर मोड़ के समीप रुककर बातें करने लगे। इसी दौरान उनके पास एक बुलेरो गाड़ी आई और उसमें आए तीन युवकों ने उसका अपहरण कर लिया। फिर नगदी और सोने की अंगुठी, चैन और एटीएम, मोबाइल लूट लिया। उसे झूठे रेप के केस में फंसाने, वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल करने लगे। उसके एटीएम से करीब 85 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस के जांच अधिकारी सुरजभान ने बताया कि हरेंद्र उर्फ भाला नामक युवक एक महिला के साथ मिलकर लोगों का अपहरण कर उन्हें लूटने का काम गैंग बनाकर करते थे। जिसमें उसे गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच पड़ताल में जुटी है।