भिवानी। जिले के गांव बापोड़ा निवासी बीएसएफ में बतौर सब इंस्पेक्टर तैनात सतपाल सिंह के बैंक खाते से पेटीएम के माध्यम से धोखाधड़ी कर 32 हजार से अधिक की राशि निकाले जाने का मामला सामने आया है। छुट्टी पर घर आने के बाद जब अपनी बैंक पास बुक अपडेट कराई तो मामला उजागर हुआ। सदर पुलिस ने सतपाल की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।
गांव बापोड़ा निवासी सतपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बीएसएफ की सांभा यूनिट में बतौर सब इंस्पेक्टर तैनात है। दीपावली पर जब वह अपने घर छुट्टी लेकर आया हुआ था तो इसी दौरान घरेलू कार्यों की जरूरत पूरी करने के लिए वह बैंक खाते से कुछ पैसे निकलवाने के लिए घंटाघर स्थित एसबीआई की मुख्य ब्रांच में पहुंचा। बैंक खाते की पासबुक जब उसने अपडेट कराई तो खाते से पेटीएम के जरिए हजारों रुपयों की निकासी की जानकारी हुई । सतपाल ने बैंक अधिकारियों को बताया कि उसने कभी भी पेटीएम का इस्तेमाल नहीं किया, जबकि उसका बैंक खाता भी ज्वाइंट फैमिली का है। वह हर बार जब भी छुट्टी पर घर आता है तो खुद ही बैंक से पैसे निकालकर देकर जाता है। उसने बताया कि 10 अप्रैल 2018 से लेकर अब तक उसके बैंक खाते से करीबन 50 बार पेटीएम का इस्तेमाल किया जा चुका है, जिसके जरिए करीबन 30 से 32 हजार रुपये से अधिक की नगदी उसके खाते से धोखाधड़ी से निकाली जा चुकी है। जब बैंक अधिकारियों ने सतपाल की समस्या का कोई समाधान नहीं किया तो उसने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर पुलिस ने सतपाल की शिकायत पर पेटीएम के जरिए बैंक खाते से धोखाधड़ी से रुपये निकाले जाने के मामले में धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी। मामले में जांच अधिकारी एसआई प्रेम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।