अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। कस्बे के गांव भांडवा के पास बाइक और बोलेरो के बीच टक्कर होने से बाइक सवार की मौत हो गई। गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। बाढड़ा थाना पुलिस ने परिजनों के बयान पर गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम चरखी दादरी के सिविल अस्पताल में करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव भांडवा निवासी आशीष वीरवार रात बाइक पर सवार होकर अपने खेत में जा रहा था। जब वह गांव से कुछ दूरी पर पहुंचा तो सिंघानी की तरफ से आ रही बोलेरो और बाइक के बीच टक्कर हो गई। बाइक सवार आशीष सड़क पर जा गिरा उसे काफी चोटें आई। आसपास के लोगों ने उसे दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर कागजी कार्रवाई की और शव का पोस्टमार्टम कराया। बाढड़ा थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।