अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। शहर के कोंट रोड लक्ष्मी नगर कॉलोनी में एक मकान के अंदर प्रवासी महिला को बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करवाए जाने के मामले में सिटी पुलिस ने एक आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली 26 वर्षीय महिला ने बताया था कि उसका पति शराब पीने का आदी है। वह मधुमेह से पीड़ित है। उसका इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है। वह अस्पताल में दवा लेने दिल्ली गई थी तो इसी दौरान उसकी मुलाकात एक लड़की से हुई। उसने नौकरी लगवाने के लिए लक्ष्मी नगर में एक महिला के पास भेजा था। फोन पर बात होने के बाद पीड़िता 20 जून 2018 की देर रात को भिवानी पहुंची, मगर अगली सुबह महिला ने नौकरी लगवाने के लिए एक व्यक्ति को सौंप दिया। जिसने खुद को बैंक मैनेजर बताया था। इसके बाद आरोपी महिला और उसकी लड़की ने तो लगातार उसका शारीरिक उत्पीड़न कराया। उसने दो डॉक्टरों और सरकारी कर्मचारियों पर भी जबरन यौन उत्पीड़न कराने के गंभीर आरोप लगाए। मामले में सिटी पुलिस ने प्रवासी महिला की शिकायत पर 22 जून को आरोपी महिला और उसकी लड़की सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। इसी मामले में सिटी पुलिस ने एक आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है।