अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। पुरानी अनाज मंडी स्थित एक दुकान से अज्ञात व्यक्ति मौका पाकर गल्ला उठा ले गए। इसमें हजारों की नकदी सहित अन्य दस्तावेज थे। दुकान मालिक ने इसकी शिकायत सिटी थाना पुलिस को सौंपी जिसके आधार पर पुलिस ने वीरवार को अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी का सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित सचिन ने बताया कि उसने पुरानी अनाज मंडी में किरयाणा स्टोर कर रखा है। 18 फरवरी को शाम करीब सात बजे वह किसी काम से दुकान से कुछ दूर गया था। करीब 20 मिनट बाद जब वह लौटा तो उसे गल्ला चोरी मिला। उसने आस पड़ोस के दुकानदारों से पूछताछ भी की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद उसने पुलिस कंट्रोल रूम में मामले की सूचना दी। यह सूचना कंट्रोल रूम से सिटी थाने में भेजी गई और फिर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को दी शिकायत में सचिन ने बताया कि गल्ले में करीब 11 हजार की नकदी तहत अन्य दस्तावेज रखे थे। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।