रसोईये की मौत पर बिफरे परिजन, डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। सामान्य अस्पताल में शुक्रवार को रेस्ट हाउस में रसोईये की मौत को लेकर परिजन बिफर पड़े। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।। उनका कहना था कि समय रहते उपचार मिलता तो उसकी मौत नहीं होती। इस मामले की शिकायत सीएमओ से भी की, लेकिन बाद में अपनी शिकायत वापस लेकर शव को पोस्टमार्टम करवाए बिना ही ले गए।
दुर्गा कालोनी निवासी 52 वर्षीय रामगोपाल स्थानीय रेस्ट हाउस में रसोईये के पद कार्यरत था। वीरवार शाम को अचानक तबियत खराब होने पर उसे सामान्य अस्पताल के आपात विभाग में दाखिल करवाया। सुबह तक वह ठीक नजर आ रहा था। मृतक के परिजन मुकेश, अनिल ने कहा कि डॉक्टरों ने लापरवाही बरते हुए उसे अगले दिन चेक तक नहीं किया। उसके तबियत खराब ज्यादा थी तो परिजनों को बताते या फिर रेफर करते। यह शिकायत लेकर परिजन सीएमओ ऑफिस भी पहुंचे, लेकिन बाद में बिना शिकायत किए ही आ गए। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया और शव लेकर लौट गए।
फोटो : 18
---
दादरी मार्ग पर ऑटो पलटने से युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी : गांव निमड़ीवाली के समीप भिवानी-दादरी मार्ग पर शुक्रवार सुबह आटो पलटने के कारण एक युवक की मौत हो गई। उसे सामान्य अस्पताल लेकर आए। वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाए जाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव निमड़ीवाली निवासी 27 वर्षीय संदीप आटो में बैठ कर भिवानी आ रहा था। निमड़ीवाली से अॅाटो चला ही था कि अचानक रोड पा कर रहे एक व्यक्ति को देख कर चालक ने ब्रेक लगा दिए। जिस कारण ऑटो पलट गया और ऑटो के नीचे संदीप बुरी तरह से दब गया। उसे गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल लाया गया। वहां से उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
---
बाइक की टक्कर लगने 70 वर्षीय बुजुर्ग घायल
भिवानी : बीटीएम चौक के समीप सड़क किनारे चल रहे एक बुजुर्ग को एक बाइक सवार युवक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। बाइक चालक वहां से फरार हो गया। घायल बुजुर्ग को सामान्य अस्पताल लाय गया। वहां से उसे चिकित्सकों ने पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। रामनगर निवासी 70 वर्षीय चंद्रप्रकाश पैदल जा रहा था।। इसी दौरान बीटीएम चौक के समीप तेज गति से बाइक दौड़ा कर ला रहे एक युवक ने पीछे से टक्कर दे मारी। जिस कारण बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे राहगीरों ने सामान्य अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे पीजीआई भेज दिया गया है।
फोटो : 14
---
नगर परिषद के पास मृत पड़ा मिला साधु
भिवानी : नगर परिषद के पास शुक्रवार शाम को एक अज्ञात साधु मृत पड़ा हुआ मिला। दिनोद गेट पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस द्वारा उसकी पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे है।
नगर परिषद के ठीक सामने शुक्रवार शाम को 50 वर्षीय साधु संदिग्ध हालत में मृत पड़ा हुआ था। राहगीरों ने इसकी सूचना दिनोद गेट पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आस-पास के लोगों से पूछताछ कर उसकी पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। इसके उसके शव को सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया।