लोहारू। लोहारू सिवानी सड़क मार्ग पर गांव सिंघानी के पास शुक्रवार सांय एक कार का संतुलन बिगड़ गया और कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार दंपती की मौत हो गई जबकि उनका बेटा घायल हो गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार हिसार निवासी अनुराग अपनी पत्नी शालू तथा बेटा सुयश के साथ हिसार से जयपुर एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान सिंघानी गांव के पास उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया और उनकी कार एक पेड़ से जा टकराई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तीनों को कार से बाहर निकाल कर लोहारू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भिजवाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने दंपती अनुराग और शालू को मृत घोषित कर दिया और उनके शव को सीएचसी के शव गृह में रखवा दिया। जबकि सुयश को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना के बाद सुरेश भोड़ूका, रोबिन अरोड़ा, संजय जोशी आदि मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना पर गहरा शोक प्रकट किया है। बहरहाल लोहारू थाना पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।