भिवानी। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एक दिसंबर से विधिवत रूप से कक्षाएं लगनी शुरू हो जाएंगी। इस संबंध में विभाग की ओर से सूचना पत्र जारी किया जा चुका है। जिन विद्यार्थियों का आईटीआई के विभिन्न कोर्सों में दाखिला हो गया है, वे अपने संस्थान में पहुंचकर अपनी पढ़ाई शुरू कर सकेंगे।
12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद से ही विद्यार्थी लंबे समय से घर पर थे। कोरोना संक्रमण की वजह से वे घर से ज्यादा बाहर भी नहीं निकले। अब विभाग द्वारा कक्षा शुरू करने की सूचना मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरे पर चमक आ गई है। वे स्कूल की पढ़ाई पूरी कर अब अलग शिक्षण संस्थान के माध्यम से अपनी आगामी पढ़ाई शुरू करेंगे। आईटीआई संस्थान के स्टाफ की ओर से संस्थान के सभी कमरों और अन्य जगह की सफाई करवा दी गई है, ताकि पढ़ाई के लिए आने वाले विद्यार्थियों को कोई समस्या न आए। साथ ही सैनिटाइजर और मास्क की भी उचित व्यवस्था की है।
खाली सीटों पर हो रहा ऑन द स्पॉट दाखिला
आईटीआई में दाखिला सीटों पर अभी भी दाखिला प्रक्रिया जारी है। विभाग के नोटिस के अनुसार रविवार और सोमवार को अंतिम दाखिला प्रक्रिया रहेगी। इसके बाद आईटीआई में विद्यार्थी दाखिला नहीं ले पाएंगे। दाखिला के इच्छुक विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर संबंधित संस्थान में संपर्क कर सकते है। खाली सीटों की जानकारी आईटीआई हरियाणा के ऑफिशियल वेबसाइट पर उपलब्ध है।
वर्जन:
आईटीआई में अधिकतर दाखिला प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सोमवार को अंतिम ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया रहेंगी। इसके बाद आगामी निर्देश आने पर ही दाखिला किया जाएगा। साथ ही एक दिसंबर से नए सत्र की कक्षाएं शुरू हो रही हैं। विद्यार्थी अपनी पढ़ाई को सुचारु रूप से चलाने के लिए संस्थान में जरूर पहुंचे।
- उमेद सिंह, जीआई इंचार्ज, राजकीय आईटीआई, देवराला।