नागरिक अस्पताल में बंद पड़ी स्टाफ की लिफ्ट।
भिवानी। नागरिक अस्पताल के चार मंजिला वार्ड भवन में मरीजों, तीमारदारों और स्टाफ के लिए चार लिफ्ट लगाई गई हैं। इनमें से दो लिफ्ट लंबे अर्से से बंद पड़ी हैं। इसकी वजह से मरीज व तीमारदार सीढि़यां नापने को मजबूर हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बंद पड़ी लिफ्टों को ठीक करवाने के लिए निदेशालय में बजट भेजा है, जिसकी मंजूरी मिलने के बाद लिफ्ट ठीक करवाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
नागरिक अस्पताल में चार मंजिला भवन के 10 वार्ड में 300 बेड हैं। इनमें 200 से अधिक मरीज उपचाराधीन हैं। इन मरीजों को ऊपर के वार्डों में जाने के लिए लिफ्ट की जरूरत पड़ती है। जिसमें मरीजों के लिए दो बड़ी लिफ्ट और स्टाफ के लिए दो छोटी लिफ्ट लगवाई हुई है। इनमें से स्टाफ का एक लिफ्ट करीब दो साल से बंद है और मरीजों की भी एक लिफ्ट सप्ताहभर से बंद पड़ी है। ऐसे में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल में पहुंचे राकेश ने बताया कि उसके भाई के पांव में फ्रैक्चर है और उसे अस्पताल के वार्ड नंबर तीन में दाखिल करवाया है, लेकिन लिफ्ट खराब होने के कारण उसके एक्सरे के लिए रैंप से लेकर आना पड़ता है। अस्पताल में पहुंचने तीमारदार सुरेश, राजेंद्र, चंद्रकलां ने बताया कि लिफ्ट बंद होने की वजह से सीढि़यां नापनी पड़ती है, जिसके कारण पांव में दर्द हो रहा है। लेकिन प्रशासन का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है।
अस्पताल की दो लिफ्ट बंद होने की सूचना मिलने पर तुरंत प्रभाव से जांच करवाई। जिसमें लिफ्टों की मरम्मत संबंधित बजट बनाकर निदेशालय भेजा है, जहां से मंजूरी मिलते ही लिफ्ट ठीक करवा दी जाएगी। तब तक दो लिफ्टों से काम चलाया जा रहा है।
- डॉ. एडविन, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल।