08 फोटो रेलवे रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर परिषद के माध्यम से शहर में आगामी सप्ताह में स्वच्छता प्रतियोगिता की जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान नगर परिषद की टीम शहर के सभी अस्पताल, होटल, रेस्टोरेंट, शिक्षण संस्थानों, सरकारी विभागों के कार्यालयों, वेल्फेयर एसोसिएशन आदि के कार्यालय में निरीक्षण करेगी।
इस दौरान यहां पर साफ-सफाई से लेकर बिजली-फिटिंग, पानी निकासी आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के बाद नप उक्त संस्थाओं व कार्यालय को स्वच्छता रैंकिंग में स्थान प्रदान करेगी। इस दौरान जिन संस्थाओं में साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाएं सुचारु नहीं मिलती तो नप उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी कर सकती है।
नगर परिषद का कहना है कि जो संस्थाएं पैसे लेकर लोगों को चिकित्सा, भोजन व शिक्षा उपलब्ध करवाते हैं, उन्हें स्वच्छता रखना बहुत जरूरी है। नप आगामी सप्ताह को शहर में स्वच्छता प्रतियोगिता का आयोजन करेगी और संस्थाओं का निरीक्षण कर उन्हें रैंकिंग देगी। इसके लिए नगर परिषद शहर के सभी होटल, निजी अस्पतालों, संस्थाओं के कार्यालयों, होटल, रेस्तरां आदि की सूची तैयार कर रही है। नगर परिषद की टीम बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण करेगी।
प्रतिस्पर्धा से आएंगे बेहतर परिणाम : एडीसी
इस बारे मेें एडीसी एवं डीएमसी राहुल नरवाल ने बताया कि स्वच्छता को अपनाने के लिए लोगों मेें प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होना भी जरूरी है। इससे बेहतर परिणाम आने की संभावना ज्यादा रहती है। इसी के चलते सरकारी व निजी संस्थाओं के कार्यालयों में नगर परिषद की टीम सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर उनको रैंकिंग प्रदान करेगी।