भिवानी। बदलते मौसम की वजह से नागरिक अस्पताल की ओपीडी में मरीजों बढ़ने लगे हैं। पिछले सप्ताह के मुकाबले खांसी-जुकाम व बुखार के मरीज करीब 25 प्रतिशत तक बढ़े हैं। इसके अलावा अन्य विशेषज्ञ की ओपीडी में भी बढ़ोत्तरी हुई है। वीरवार को नागरिक अस्पताल की ओपीडी में 1400 से अधिक मरीज पहुंचे। फिजिशियन कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ लग गई, जिसकी वजह से मरीज व कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। व्यवस्था बनाने के लिए प्रशासन ने अलग से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई।
मौसम में आए बदलाव के कारण लोग बुखार, खांसी, जुकाम आदि बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। नागरिक अस्पताल में सामान्य दिनों में लगभग 1000 से 1200 तक मरीज आते थे। अब यह संख्या बढ़कर 1400 तक पहुंच गई है। यहां पर पर्ची काउंटर, दवा कक्ष व डॉक्टरों के कक्षों के बाहर सुबह से ही मरीजों की कतार लगी रही। पिछले सप्ताह के मुकाबले वीरवार को खांसी-जुकाम व बुखार के मरीज करीब 25 प्रतिशत तक बढ़े हैं। इसके अलावा बाल रोग विशेषज्ञ के ओपीडी में 10 प्रतिशत, हड्डी रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में 23 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। अस्पताल में बढ़ी भीड़ के कारण ओपीडी में मरीजों को बैठने के लिए कुर्सी नहीं मिली, जिसकी वजह से मरीज व उनके तीमारदारों को नीचे बैठना पड़ा। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में हर रोज बदलाव हो रहा है, रात के समय तापमान ज्यादा गिर रहा है तो दिन में गर्मी हो रही है। जो लोग लापरवाही बरत रहे हैं, वही सर्दी, जुकाम, बुखार व खांसी के शिकार हो रहे हैं। वैसे तो सामान्य बुखार के मरीज ज्यादा आ रहे हैं, लेकिन आशंका होने वाले मरीजों की डेंगू की जांच भी कराई जा रही है।
ओपीडी न्यूज का जोड़:
ओपीडी में चिकित्सक कक्ष अनुसार मरीजों की संख्या
चिकित्सक पिछले सप्ताह वीरवार को
फिजिशियन 180 225
बाल रोग विशेषज्ञ 190 210
हड्डी रोग विशेेषज्ञ 180 220
नेत्र रोग विशेषज्ञ 190 210
स्त्री रोग विशेषज्ञ 200 230
दंत रोग विशेषज्ञ 150 170
आयुर्वेदा 110 140
वर्जन
मौसम में हुए बदलाव की वजह से अस्पताल में खांसी, जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ोतरी हुई है। सभी चिकित्सकों को अलर्ट कर दिया गया है कि ओपीडी में आने वाले मरीज का सही उपचार किया जाए, जिससे उसे किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही अतिरिक्त स्टाफ की भी ड्यूटी लगा दी है, ताकि व्यवस्था बनी रहे।
- डॉ. मंजू कादियान, प्रधान चिकित्सा अधिकारी।