भिवानी। लोन के रुपये के गबन करने के मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रुपये गबन के बारे में नई बस्ती निवासी नरेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी।
साइबर क्राइम पुलिस को दी शिकायत में नरेंद्र ने बताया कि एक निजी बैंक में कार्यरत ऋषि नाम के शख्स ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। आरोपी ने लोन के रुपये भरने के नाम पर उसके पास 3,71,808 रुपये का चेक लेकर उन्हें किसी दूसरे के खाते में लगाकर खुद निकाल लिया। थाने में शिकायत देने पर आरोपी ने जल्द रुपये वापस करने का भरोसा दिलाया था, लेकिन आरोपी न ऐसा नहीं किया। पुलिस ने नरेंद्र की शिकायत पर आरोपी ऋषि के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर में आग लगाने के दो आरोपी गिरफ्तार
भिवानी। थाना सदर पुलिस ने गांव फूलपुरा में घर में आग लगाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव फूलपुरा निवासी नरेंद्र व कपिल के रूप में हुई है। फूलपुरा निवासी कमल ने थाना सदर पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी।
पुलिस को दी शिकायत में कमल ने बताया कि गांव के ही कुछ व्यक्तियों द्वारा वीरवार की रात को उनके घर में आग लगा दी थी। जिसमें उसके घर में रखा सामान नष्ट हो गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को थाना सदर के अंतर्गत पुलिस चौकी खरक कलां के इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक दशरथ ने गांव फूलपुरा में घर में आग लगाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा वारदात वाले दिन प्रयोग किया गया ट्रैक्टर को बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।