भिवानी। एक कंपनी में लगे युवक द्वारा सैलरी स्लिप मांगे जाने पर उसे जहरीला बादाम सेक पिलाए जाने के मामले में पुलिस ने कंपनी के सीनियर मैनेजर व सहकर्मी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
औद्योगिक पुलिस थाना में दी शिकायत में गांव देवसर निवासी सतीश कुमार ने बताया कि वह निजी कंपनी में बतौर सेल्स मैनेजर पद पर काम करता है। 19 नवंबर को उसने अपने सीनियर मैनेजर पीयूष जैन से अपनी सैलरी स्लिप के लिए मेल भेजी थी। उसके बाद पीयूष का उसके पास फोन आया और बोला कि तुम्हें सैलरी स्लिप किस लिए चाहिए। इस पर उसने कहा कि उसका सैलरी से पीएफ कट रहा है, लेकिन उसे नहीं मिल रहा है। इस पर पीयूष ने उसे कहा कि उसे कुछ नहीं मिलेगा और अगर ज्यादा करोगे तो टर्मिनेट कर भविष्य बर्बाद कर देंगे। इसके बाद 26 नवंबर को पीयूष ने उसके पास ईमेल भेजी, जिसमें लिखा था कि उसकी परफार्मेंस खराब है और उसका व्यवहार भी ठीक नहीं हैं, इसलिए उसे टर्मिनेट किया जाता है। इस पर उसने वापस ईमेल भेजा। जिसमें लिखा था कि उसे बिना अग्रिम नोटिस दिए बगैर ऐसा नहीं कर सकते। इसके बाद सहकर्मी तोयज के पास पीयूष का फोन आया और उसकी बात सतीश से कराने के लिए बोला। सतीश ने जब फोन पर बात की तो उसके साथ गाली गलौज की और उसे जान से मरवा देने की धमकी दी। इसके बाद वह नीचे आकर बैठ गया। इसी दौरान तोयज बादाम सेक लेकर आया और टेंशन खत्म करने के लिए उसे पिला दिया। जिसके थोड़ी देर बाद ही उसकी तबियत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सतीश के बयान दर्ज कर इस संबंध में सीनियर मैनेजर पीयूष जैन व सहकर्मी तोयज के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।