भिवानी। मुंढाल तालु संपर्क मार्ग पर एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ड्रेन में जा गिरी। इस हादसे में कार चालक खिड़की खोलकर अपनी जान बचाकर भाग गया, जबकि कार के अंदर अन्य लोग फंस गए। जिन्हें आसपास के लोगों ने बाहर निकाला। इसी दौरान कार में सवार एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मुंढाल खुर्द निवासी जयभगवान ने सदर थाना पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह गांव के बस स्टैंड पर मिस्त्री का काम करता है। गत 29 अक्तूबर की सुबह करीब सात बजे मुंढाल से तालु रोड पर घूमने के लिए गया था। मुंढाल से करीब 200 मीटर दूर ही चला था कि तालु की तरफ से एक स्विफ्ट कार तेजी से आई और चालक की लापरवाही से कार ड्रेन में जा गिरी। कार चालक अपनी कार की खिड़की खोलकर बाहर निकल भागा, जबकि कार के अंदर कुछ लोग फंसे रह गए। जिन्हें अन्य लोगों की सहायता से पानी में डूबी कार के अंदर से निकाला गया, जिसमें उसका बड़ा भाई सोमबीर भी था। उसके भाई को उपचार के लिए हांसी के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जयभगवान का आरोप है कि कार चालक की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है, जिसमें उसके भाई की जान गई है।
मुंढाल पुलिस चौकी इंचार्ज वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पानी में डूबने से सोमबीर नामक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसका हांसी के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं मृतक के भाई जयभगवान की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।