तोशाम (भिवानी)। रविवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे तोशाम बाईपास के समीप एक बाइक में कार ने टक्कर मार दी। इस टक्कर में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला व एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान गांव किरावड़ निवासी नीतू (32) के रूप में हुई है। तोशाम थाना पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में किरावड़ निवासी मृतका के पति प्रवीण ने बताया कि वह मजदूरी करता है। उसकी पत्नी नीतू गत रविवार को उसके चाचा राजेंद्र व चाची निर्मला के साथ तोशाम में मजदूरी के लिए गई थी। रात को वे बाइक पर घर लौट रहे थे। जब वे तोशाम बाईपास पर पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो एक वैगनार कार ने उनकी बाइक पर टक्कर मार दी। टक्कर के कारण बाइक सड़क पर जा गिरी। बाइक सवार तीनों महिला व व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को भिवानी नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने नीतू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके चाचा व चाची को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। इस बारे में सूचना तोशाम पुलिस थाना में दी गई। तोशाम थाना पुलिस ने सोमवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी एएसआई महेंद्र ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति प्रवीन के बयान पर वैगनार कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।