भिवानी। विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को ई-अधिगम योजना के तहत बांटे गए टैबलेट व डेटा सिम अब वापस करने होंगे। बोर्ड परीक्षाओं के खत्म होने से पहले-पहले विद्यार्थियों को टैब वापस जमा करवाने होंगे। विद्यार्थी ऐसा नहीं करते हैं तो बोर्ड उनका परीक्षा परिणाम जारी नहीं करेगा। न ही परिणाम डीजी लॉकर पर जारी होगा। हालांकि 10वीं, 11वीं के विद्यार्थी यदि उसी स्कूल में शिक्षा जारी रखने का फैसला लेते हैं तो उन्हें टैब वापस जमा नहीं करवाने होंगे।
जिले में कुल 20937 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए थे। राजकीय स्कूलों में पढ़ रहे 10वीं, 11वीं के विद्यार्थियों को तीन अप्रैल तक टैबलेट और उसका सामान वापस लिए जाएंगे। डेटा सिम डी-एक्टिवेट कर दी जाएगी। स्कूल मुखिया व कक्षा प्रभारी छात्र-छात्राओं को इसके बारे में सूचित करेंगे। स्कूल मैनेजमेंट कमेटी सुनिश्चित करेगी कि टैबलेट वापस जमा करवाए जाएं।
गुम हुआ टैब तो करवानी होगी पुलिस रिपोर्ट
ऐसे विद्यार्थी जिनसे टैबलेट गुम हो गया है, वे इसकी एफआईआर दर्ज करवाकर स्कूल में जमा करवाएगा। ऐसे विद्यार्थियों की सूची अवसर पोर्टल पर अपलोड कर दी जाएगी। यदि किसी विद्यार्थी से टैब टूट गया है या खराब हो गया है तो उसी कंडीशन में टैबलेट जमा करवाकर सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाएगा। उसे भी पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा। इसके अलावा यदि कोई बच्चा टैब, सिम या अन्य मिला हुआ सामान जमा नहीं करवाता तो उसका परिणाम बोर्ड द्वारा रोक दिया जाएगा। यदि गलती से फिर भी परिणाम जारी हो जाता है तो स्कूल प्रभारी ऐसे विद्यार्थियों को स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट, डीएमसी या कैरेक्टर सर्टिफिकेट जारी नहीं करेंगे।
कक्षा 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों के लिए निर्देश
-बोर्ड परीक्षा के पांच दिन के अंदर विद्यालय में जाकर टैबलेट, चार्जर, सिम और टैबलेट के साथ में मिला सामान जमा करवाना होगा।
कक्षा प्रभारी सभी विद्यार्थियों को फोन व एसएमएस के माध्यम से टैबलेट लौटाने की सूचना देंगे और एसएमसी यह सुनिश्चित करेंगी कि विद्यार्थियों ने विद्यालय में टैबलेट जमा करवाया है या नहीं।
- किसी विद्यार्थियों से अगर टैब गुम हो गया या फिर वह जमा करवाने से मना कर देता है तो इसकी जानकारी अवसर एप पर अपलोड करें।
- जो विद्यार्थी टैबलेट जमा नहीं करवाते उनका हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से परीक्षा परिणाम रोक लिया जाएगा।
- अगर किसी त्रुटि के कारण ऐसे विद्यार्थियों का परिणाम जारी कर दिया तो उनकी एलएससी, डीएमसी, चरित्र प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
- अगर विद्यार्थी सीबीएसई के स्कूल में दाखिला ले लेता है तो उसकी सूचना उनके बोर्ड की दी जाएगी और उनका परीक्षा परिणाम रोक दिया जाएगा।
- अगर कोई त्रुटि पाई जाती है तो विद्यालय मुखिया इसका जिम्मेदार होगा और उन्हें अवसर एप पर अंडरटेकिंग अपलोड करनी होगी।
- 12वीं कक्षा के विद्यालयों की ओर से अवसर एप विद्यार्थियों की इंट्री तीन अप्रैल तक रिसेट की जाएगी। ये इंट्री सिर्फ टैब लौटाने वाले विद्यार्थियों की होगी।
- 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को सिम डी-एक्टीवेट नहीं करनी है, यह विभाग की जिम्मेदारी है।
खंड अनुसार बांटे गए टैबलेट की जानकारी
खंड टैबलेट
भिवानी 8266
बवानीखेड़ा 2460
सिवानी 2111
लोहारू 1838
कैरू 1949
तोशाम 3143
बहल 1170
कुल 20937
विद्यार्थियों को टैबटेल, चार्जर, कवर को बॉक्स सहित तीन अप्रैल से पहले अपने स्कूल में जमा करवाने हैं। स्कूल मुखिया को टैबलेट संबंधित एक स्टाफ की ड्यूटी लगनी है, जोकि रजिस्टर में टैब संबंधित पूरी जानकारी दर्ज करेंगे। स्कूल के पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब या फिर अन्य स्थान पर टैब रखवाएं और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी स्कूल मुखिया की होगी। इस संबंध में सभी स्कूल मुखिया को निदेशालय की ओर से प्राप्त पत्र जारी कर दिया है।
- रामअवतार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी, भिवानी।