भिवानी। दिनोद गेट महाराजा नीमपाल चौक पर एक तरफ मुख्य सीवरलाइन की रुकावट तो दूसरी तरफ लीकेज के कारण सड़क का काफी हिस्सा धंस चुका है। जिसकी लीकेज का पता लगाने के लिए दूसरी बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जेसीबी से सड़क किनारे खोदाई करा डाली। जिस कारण शनिवार को दिनभर दिनोद गेट क्षेत्र में सरकुलर रोड पर जाम की स्थिति बनी। मौके पर बीएंडआर विभाग के अधिकारी भी पहुंचे वहीं ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को भी यहां ट्रैफिक वन-वे होने से लगे जाम को सुलझाने में खूब पसीना बहाना पड़ा।
मुख्य सीवरलाइन की रुकावट दूर करने के लिए दिनोद गेट महाराजा नीमपाल चौक पर पिछले करीब 25 दिनों से जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी काम पर लगे हैं। रुकावट वाले सीवर मैनहोल के ठीक सामने सडक़ के दूसरी तरफ लीकेज की वजह से सड़क धंस रही है। धंसी हुई सड़क पर लीकेज का पता लगाने के लिए शनिवार को जनस्वास्थ्य विभाग ने जेसीबी से खुदाई करा दी। जिसकी वजह से देवसर चुंगी से दिनोद गेट चौक पर घंटाघर की तरफ जाने का रास्ता बंद हो गया वहीं घंटाघर से देवसर चुंगी की तरफ जाने वाले वाहन भी ट्रैफिक वन-वे होने की वजह से जाम में फंस गए। इसी तरह देवसर चुंगी की ओर से घंटाघर की ओर आने वाले वाहनों को एक की रास्ते से दूसरी तरफ भेजे गए। इस वजह से ट्रैफिक कर्मचारी दिनभर वाहनों का रूट बदलने के लिए लेफ्ट राइट करते रहे।
दरअसल दिनोद गेट सरकुलर मार्ग पर बीएंडआर की सड़क बनी हैं। लेकिन लीकेज के कारण घंटाघर से देवसर चुंगी क्षेत्र तक करीब 600 मीटर सड़क तीन लगह से धंसी हुई है। तीनों ही जगहों पर पहले भी कई बार सडक़ की खुदाई कराकर लीकेज ढूंढकर समाधान का प्रयास किया गया, मगर सड़क धंसना बंद नहीं हुई। शनिवार को सड़क की सात फुट तक खुदाई कर यह पता लगाने की कोशिश की गई कि आखिर यहां कोई निजी पेयजल लाइन तो लीकेज नहीं है। अगर है तो वह कौन सी लाइन है, ताकि उसे ठीक किया जा सके। पहले भी दिनोद गेट क्षेत्र में पुरानी पाइप लाइन लीक मिली थी। जिस पर जनस्वास्थ्य विभाग को ही करीब 12 लाख रुपये का बजट खर्च करना पड़ा था। अब फिर से लीकेज तलाशने के लिए काम शुरू हुआ है।
बन सकती है सप्ताह भर के लिए ट्रैफिक की परेशानी
दिनोद गेट क्षेत्र में लीकेज तलाशने के लिए गहरी खुदाई कराई गई है। लीकेज तलाशने और फिर उसका समाधान कराने में करीब सप्ताह भर का समय भी लग सकता है। ऐसे में दिनोद गेट क्षेत्र में ट्रैफिक की परेशानी भी बनेगी। इसके लिए यहां ट्रैफिक कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है, ताकि वाहनों का जाम न लगे।
दोनों सीवरमैनहोल मिले ठीक, सिर्फ बीच की लाइन में रुकावट
दिनोद गेट क्षेत्र में मुख्य सीवरलाइन की रुकावट जांच रहे दिल्ली के कर्मचारियों ने रुकावट वाले सीवरमैनहोल के आसपास के सीवरमैनहोल की जांच पूरी कर ली है। जांच के दौरान सीवरमैनहोल में कोई रुकावट नहीं है, जबकि आगे पानी नहीं जा रहा है, इस वजह से पाइपलाइन में ही रुकावट बनी है। जिसे दूर करने के लिए भी अब लाइन की खुदाई कराने की तैयारी की जा रही है। जिसकी वजह से यहां यातायात को लेकर और अधिक दिक्कत बनेगी। वहीं आसपास के इलाके के सीवरलाइन भी ठप हो जाएगी, क्योंकि यहां पर सीवरमैनहोल में गंदे पानी का दबाव कम किया जा रहा है।
दिनोद गेट क्षेत्र में मुख्य सीवरलाइन का काम चल रहा है। सीवरमैनहोल तो बिलकुल ठीक हैं, मगर लाइन में एक जगह रुकावट अब भी बनी है। इसके अलावा सडक़ के धंसे हुए हिस्से की खुदाई कराकर लीकेज का भी पता लगाया जा रहा है। जिसका समाधान कराया जाएगा।
-सूरज प्रकाश, एसडीओ शहरी पेयजल शाखा
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भिवानी।
दिनोद गेट क्षेत्र में जब तक सीवरलाइन का काम चलेगा तब तक यहां ट्रैफिक कर्मचारियों की अतिरिक्त व्यवस्था कराई जाएगी ताकि जाम की स्थिति न बने। फिलहाल दिनोद गेट पर वाहनों का आवागमन सुचारु बनाने की हर संभव कोशिश की जा रही है।
-विक्रांत सिंह, प्रबंधक जिला यातायात पुलिस थाना भिवानी।