भिवानी। नगर परिषद में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले के मामले में फरार चल रहे आरोपी अकाउंटेंट संजय बंसल को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी अकाउंटेंट ने करोड़ों रुपये फर्जी फर्मों के खातों में ट्रांसफर करने की बात कुबूली है। साथ ही पुलिस ने अन्य अकाउंटेंट सुरेश को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
विजिलेंस टीम ने नगर परिषद कार्यालय से रिकॉर्ड भी जब्त किया है। वहीं, मामले में रिमांड पर चल रहे निवर्तमान चेयरमैन रण सिंह यादव और तत्कालीन कार्यकारी अधिकारी संजय यादव को साथ लेकर विजिलेंस की टीम ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया और पूछताछ की।
नगर परिषद में एक माह पूर्व सामने आए करोड़ों रुपये के चेक घोटाले की जांच स्टेट विजिलेंस को सौंपे जाने के बाद बड़ी-बड़ी गिरफ्तारी होने लगी हैं। नगर परिषद के निवर्तमान चेयरमैन रण सिंह यादव और तत्कालीन कार्यकारी अधिकारी संजय यादव को मंगलवार को ही गिरफ्तार कर चार-चार दिन के रिमांड पर लिया।
इस मामले में पिछले काफी दिन से फरार चल रहे नगर परिषद अकाउंटेंट संजय बंसल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक जांच में संजय बंसल ने फर्जी चेक घोटाले को कुबूल किया। वहीं पहले गिरफ्तार किए बैंक मैनेजर नितेश व अन्य आरोपियों की ओर से किए गए खुलासों को सही बताया। आरोपी को वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सुरेश को लेकर नगर परिषद कार्यालय पहुंची टीम
विजिलेंस टीम ने मामले की शुरूआत से आरोपों में घिरे अकाउंटेंट सुरेश कुमार को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस सुरेश को साथ लेकर नगर परिषद कार्यालय भी पहुंची। आरोपी सुरेश पर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनमें पुराने भवनों के मालिक बदलने, नगर परिषद की जगह किसी अन्य को ट्रांसफर करने जैसे अन्य आरोप हैं। पुलिस अब आरोपों की जांच में जुटी है।
विजिलेंस को दी कचरा घोटाले की शिकायत
निवर्तमान पार्षद ईश्वर सिंह मान ने कचरा घोटाले की शिकायत विजिलेंस को दी है। उन्होंने बताया कि अक्तूबर 2021 में बीवीजी कंपनी को ठोस कचरा छंटाई का टेंडर 10 करोड़ रुपये में दिया गया था। बाद में दबाव बनाकर कुछ चहेतों को सौंप दिया गया। इसमें कचरे की छंटाई की ही नहीं और न ही खाद बनाई। कचरे को जमीन में ही दबा दिया। इसकी जांच की जाए तो बड़ा खुलासा होगा। नप अधिकारियों ने मिलीभगत कर करोड़ों रुपये का भुगतान भी कर दिया। महज छह महीने में ही सारा भुगतान कर दिया गया। यह बड़ा घोटाला है।
आरोपी को रिमांड पर लेकर की जाएगी पूछताछ
इस मामले में स्टेट विजिलेंस की टीम जांच कर रही है और हमारी पुलिस टीम भी उनके साथ है। आरोपी अकाउंटेंट संजय बंसल को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पहले हुए खुलासे वाली बातें भी कुबूली हैं। अभी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। सुरेश को पूछताछ के लिए बुलाया था। मामले की जांच चल रही है।
-अजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक, भिवानी।