भिवानी के उत्तम नगर क्षेत्र में मां-बेटी ने जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया है। मामले की सूचना मिलने पर परिजनों ने मां-बेटी को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं उसकी बेटी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मामला रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे का है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तम नगर गली नंबर चार निवासी राजेंद्र ऑटो मार्केट में मेकेनिक का काम करता है। वह तीन बच्चों, दो बेटियों और एक बेटे का पिता है। रविवार दोपहर में गलती से उसकी पत्नी 42 वर्षीय खजानी और उसकी 19 वर्षीय बेटी ने दवा की वजह जहरीला पदार्थ निगल लिया।
मामले की सूचना मिलने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए हांसी गेट स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान रविवार शाम करीब सात बजे महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं उसकी 19 वर्षीय बेटी की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले की सूचना मिलने पर मृतका खजानी का भाई रामबास निवासी राजकुमार भी नागरिक अस्पताल पहुंचा।
राजकुमार ने बताया कि घर पर कोई विवाद या झगड़ा नहीं था। दवा की जगह गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसकी वजह से यह घटना घटित हुई है। परिजनों ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई करवाई है। वहीं लड़की के बयान अभी नहीं हुए हैं। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
उत्तम नगर क्षेत्र में मां-बेटी ने जहर निगल लिया, जिसमें मां की मौत हो गई और बेटी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक महिला के भाई राजकुमार के बयान पर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। लड़की की हालत गंभीर है। - एएसआई धर्मबीर, जांच अधिकारी, अनाज मंडी पुलिस चौकी।