जीत के बाद साथियों के साथ खाटूश्याम पहुंचे भवानी प्रताप।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी नगर परिषद के चेयरपर्सन और पार्षद चुनाव में चौंकाने वाले परिणाम के बाद विजेता प्रत्याशी सबसे पहले अपने इष्ट देवता के समक्ष शीश झुकाने पहुंचे। कोई खाटू श्याम गया तो कोई सालासर व अन्य धार्मिक स्थलों पर पहुंचे। चेयरपर्सन बनीं प्रीति के पति भवानी प्रताप अपने कुछ साथियों के साथ खाटू श्याम गए और जीत के बाद भगवान से आशीर्वाद लिया। विधायक घनश्याम सर्राफ भी खाटू श्याम पहुंचे। इसके अलावा अनेक पार्षद भी खाटू श्याम पहुंचे और जीत के लिए भगवान का आभार जताया।
फेसबुक, सोशल मीडिया पर छाए भवानी प्रताप
नगर परिषद चेयरपर्सन चुनाव में दिग्गज परिवारों, दिग्गज दलों के प्रत्याशियों को मात देने वाले भवानी प्रताप गुरुवार को सोशल मीडिया पर छाए रहे। भवानी प्रताप की पत्नी प्रीति 4305 मतों से जीतकर चेयरपर्सन बनीं है। जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रीति हर्षवर्धन मान, कांग्रेस समर्थित मीनू अग्रवाल, आप प्रत्याशी इंदु शर्मा को हार मिलीं। सोशल मीडिया पर भवानी प्रताप के विजयी जुलूस के अलावा जीत की खुशी के फोटो साझा कर समर्थकों संग खुशियां मनाई।
सीएम हाउस नहीं गए भवानी प्रताप
नगर परिषद और नगर पालिका चुनाव के विजेता भाजपा-जजपा प्रत्याशियों को गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित सीएम हाउस पर बुलाया गया था। जहां विभिन्न जिलों से उक्त विजेताओं के साथ वहां के विधायक व अन्य बड़े नेता भी पहुंचे। चेयरपर्सन बनीं प्रीति के पति भवानी प्रताप के भी वहां जाने की चर्चाएं थी मगर वे वहां पर न जाकर खाटू श्याम के दरबार पहुंच गए।
हार के बाद मंथन करते रहे प्रत्याशी
चेयरपर्सन चुनाव हो चाहे पार्षद, हारने वाले प्रत्याशी गुरुवार को दिनभर मंथन करते नजर आए। बूथ वाइज मंथन चल रहा है कि किस क्षेत्र में वे मजबूर से आगे आए और किस क्षेत्र में पिछड़े।
चर्चा में रहे जेल से चुनाव लड़ने वाले मामनचंद और पांच वोट से हारने वालीं मीनाक्षी अग्रवाल
नगर परिषद के जमीन घोटाले में फंसे दो बार के वाइस चेयरमैन मामनचंद का जेल में होते हुए चुनाव लड़ना खासा चर्चा में रहा। वह वार्ड 25 से चुनाव लड़ रहे थे, जिसमें विनोद कुमार ने 1961 वोट लेकर 49 मतों से जीत दर्ज की। मामनचंद जेल में रहते हुए 1912 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे। मामनचंद हार के बावजूद काफी चर्चा में रहे।
वहीं वार्ड 24 का रोमांचक मुकाबला भी लगातार दूसरे दिन खूब चर्चा में रहा। यहां काटे के मुकाबले में आठ बार के पार्षद गोविंदराम उर्फ बिल्लू बादशाह की पुत्रवधू संजू ने महज पांच वोट से जीत दर्ज की। जबकि मीनाक्षी अग्रवाल को हार मिली। मीनाक्षी हार के कारण काफी चर्चा में रहीं।