भिवानी। लघु सचिवालय गेट नंबर एक के समीप शुक्रवार को दिनदहाड़े एक बाइक सवार युवक ने आंगनबाड़ी महिला वर्कर से बैग छीना और तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाते हुए भाग गया। राहगीरों ने आरोपी युवक का पीछा भी किया, मगर आरोपी हाथ नहीं लगा। पीड़ित ने मामले की शिकायत सिविल लाइन पुलिस थाना में दी। इसके बाद पुलिस ने बाइक चालक युवक के खिलाफ छीनाझपटी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी वहीं सीसीटीवी फुटेज खंगाल आरोपी में जुट गई।
सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में गांव हेतमपुरा निवासी गीता ने बताया कि वह गांव की आंगनबाड़ी में बतौर वर्कर लगी हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर वह गांव की ही आंगनबाड़ी वर्कर सुनील के साथ लघु सचिवालय के बाहर गेट नंबर एक पर चल रहे आंगनबाड़ी महिला वर्करों के धरने पर जा रही थी। जब वे दोनों लघु सचिवालय गेट के समीप वाटर पार्क के आगे सड़क किनारे पैदल चल रही थी तो पीछे से एक बाइक सवार युवक ने उसके हाथ में बैग पर छपटमार कर दी। आरोपी युवक ने इतनी जोर से बैग छीना की वह साड़ी में उलझकर सड़क पर जा गिरी। उसने बैग छीनकर भाग रहे युवक को पकड़ने के लिए भी शोर मचाया तो वहां से गुजर रहे अश्वनी शर्मा ने आरोपी युवक का पीछा किया, मगर थोड़ी दूर जाते ही आरोपी सिटी स्टेशन रोड से सेक्टर के पीछे झाड़ियों में आंखों से ओझल हो गया। महिला गीता ने बताया कि उसके बैग में डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, मोबाइल फोन के अलावा साढ़े चार हजार रुपये थे। महिला ने बताया कि उसने दो दिन पहले ही नया फोन खरीदा था। पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत सिविल लाइन पुलिस थाना में दी।
-
लघु सचिवालय गेट की सिक्योरिटी से चंद कदम दूर हुई दिनदहाड़े स्नेचिंग की वारदात
लघु सचिवालय के मुख्य गेट नंबर एक पर जिला पुलिस प्रशासन की भारी भरकम सिक्योरिटी तैनात है। इसी गेट से जिला प्रशासन के आला अधिकारियों का दिनभर आना जाना लगा रहता है। सिक्योरिटी से चंद कदम दूर ही एक महिला से बाइक सवार युवक दिनदहाड़े स्चेनिंग की वारदात का सुरक्षित इलाके में साफ बचकर निकल गया। इससे लघु सचिवालय परिसर की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल उठ रहा है। यहां सिक्योरिटी में तैनात कोई कर्मचारी गेट पर नजर नहीं आया। इसके बाद राहगीरों ने कुछ दूर तक आरोपी का पीछा तो किया, मगर आरोपी हाथ नहीं आया।
महिला ने बैग छीनने के संबंध में लिखित शिकायत दी है। जिस पर आरोपी युवक के खिलाफ स्नेचिंग का केस दर्ज किया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने की कोशिश में लगी है।
-शिव कुमार, एसएचओ, सिविल लाइन पुलिस थाना भिवानी।