बहल (भिवानी)। बहल थाना पुलिस ने सेना में भर्ती करवाने के नाम पर 12 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस ने उसे पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
बहल थाना पुलिस को शिकायत में गांव सिरसी निवासी अनिल ने बताया कि उसका संपर्क एक व्यक्ति से हुआ था। जिसने बतलाया कि वह पैसे लेकर आर्मी में भर्ती करवाते हैं। जो शिकायतकर्ता के द्वारा व्यक्ति पर विश्वास करते हुए वर्ष 2019 में आरोपी को समय-समय पर सेना में भर्ती करवाने के लिए कुल 12 लाख 50 हजार रुपये दिए थे। इसके बाद न तो नौकरी लवाई न ही रुपये वापस किए। इस संदर्भ में बहल थाना पुलिस ने पीड़ित अनिल की शिकायत पर धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। बहल थाना एसएचओ हरिओम ने अपनी टीम के साथ सेना में भर्ती करवाने के नाम पर 12 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनीष निवासी गांव ढाणी मेचू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। बहल थाना एसएचओ हरिओम ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जल्द इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तार कर लिया जाएगा।