भिवानी। अगर आप पब्लिक हेल्थ विभाग से नया पेयजल कनेक्शन लेना चाहते हैं तो आपको अपने घर या संस्थान की प्रॉपर्टी आईडी व फैमिली आईडी लाना जरूरी होगा। क्योंकि इन दोनों के बगैर नया कनेक्शन नहीं मिलेगा। पब्लिक हेल्थ विभाग ने पेयजल व सीवर कनेक्शनों में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए कदम उठाया है, क्योंकि एक ही घर या संस्थान में दो या इससे अधिक अवैध कनेक्शन चल रहे हैं।
नई व्यवस्था के इस तरह के फर्जीवाड़े पर विराम लगेगा, वहीं एक ही घर या संस्थान में सीवर व पानी के दो-दो कनेक्शन नहीं ले पाएंगे। नई व्यवस्था में कई कनेक्शन तो प्रॉपर्टी व फैमिली आईडी के फेर में ही उलझ गए हैं। लोग पब्लिक हेल्थ और नगर परिषद कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, क्योंकि अधिकतर के पास तो पीआईडी(प्रॉपर्टी आईडी) तक नहीं है।
शहर में करीब 33 हजार नियमित यानी अधिकृत पेयजल कनेक्शन चल रहे हैं। जबकि 40 हजार पेयजल व सीवर के कनेक्शन अवैध हैं। इनकी पहचान भी पब्लिक हेल्थ कर चुका है। ऐसे अनधिकृत कनेक्शनों को अधिकृत किए जाने के लिए भी पब्लिक हेल्थ विभाग ने पहले योजना चलाई थी, मगर बहुत कम लोगों ने इसके प्रति रुचि दिखाई थी। लेकिन अब शहर में नया मकान या संस्थान बनाने पर नए सिरे से पेयजल व सीवर कनेक्शन लेने के लिए सात शर्तों की बजाए नौ शर्तों को पूरा करने की कसौटी सामने आ खड़ी हो गई है। इनमें दो नई चुनौती प्रॉपर्टी आईडी व फैमिली आईडी हैं। क्योंकि कई लोग तो घरेलू व व्यावसायिक कनेक्शन लेने पहुंच रहे हैं, उनके पास जो प्रॉपर्टी है, उसकी आईडी उनके नाम नहीं है। जिस फैमिली आईडी का प्रूफ उनके पास है, उसमें नया कनेक्शन लेने वाले का नाम नहीं है। इस तरह की पेचीदगी लोगों के लिए सिरदर्द बन गई है।
एक क्लिक में सामने होगा उपभोक्ता का पूरा रिकॉर्ड
विभाग ने पेयजल व सीवर कनेक्शन ऑनलाइन कर दिए हैं। सरल पोर्टल के माध्यम से ही नए पेयजल व सीवर कनेक्शन के लिए आवेदन किए जा रहे हैं। लेकिन पीआईडी व फैमिली आईडी के बाद अगर कोई नया कनेक्शन अप्लाई करता है तो उस जगह पर पहले से चल रहे पेयजल व सीवर कनेक्शन की जानकारी भी एक क्लिक पर सामने होगी।
शहर में 77 हजार से अधिक प्रॉपर्टी की हो चुकी है पहचान
याशी कंपनी के माध्यम से नगर परिषद ने सर्वेक्षण कराकर शहर में करीब 77 हजार प्रॉपर्टी व उनके मालिकों की पहचान कर ली है। शहरी दायरे की प्रॉपर्टी की खरीद और बिक्री भी हो रही है। ऐसे में उनके मालिक भी बदल रहे हैं, वहीं कई पीआईडी में काफी त्रुटि भी हैं, जिन्हें अभी तक ठीक नहीं किया है। प्रॉपर्टी आईडी की एनओसी लेने के लिए भी लोगों को नप में चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ये हैं नए पेयजल व सीवर कनेक्शन के लिए रेट
घरेलू कनेक्शन लेने में कच्चा रोड पर पानी का कनेक्शन लेने के लिए 2602 रुपये और सीवर के लिए 3603 रुपये राशि निर्धारित की है। इसी तरह पक्का रोड पर पेयजल कनेक्शन के लिए 4153 रुपये व सीवर के लिए 5155 रुपये की राशि निर्धारित है। व्यावसायिक कनेक्शन में कच्चा रोड पर पेयजल कनेक्शन में 2652 और सीवर के लिए 4103 रुपये निर्धारित है। पक्का रोड पर पेयजल कनेक्शन के लिए 4203 व सीवर के लिए 5655 रुपये की राशि निर्धारित की है। बीएंडआर की सड़क पर रोड कट की अलग से मंजूरी लेनी होगी।
नए कनेक्शन में ये दस्तावेज जरूरी
नए पानी और सीवर कनेक्शन लेने के लिए भूमि की रजिस्ट्री, आधार कार्ड, पहचान पत्र, वाटर मीटर बिल की रसीद, लाइन मैप, पलंबर रिपोर्ट, शपथ पत्र, प्रॉपर्टी आईडी व फैमिली आईडी अनिवार्य है।
पब्लिक हेल्थ विभाग ने पेयजल व सीवर कनेक्शन जारी करने की व्यवस्था ऑनलाइन की हुई है। इसमें प्रॉपर्टी आईडी व फैमिली आईडी की शर्त और जोड़ दी है। इनमें से अगर कोई दस्तावेज नहीं है तो आवेदन अधूरा ही माना जाएगा। विभाग ने कार्य में पारदर्शिता लाने व एक संस्थान में दो कनेक्शनों पर रोक लगाने के मकसद से यह कदम उठाया है। - प्रवीण जांगड़ा, एसडीओ शहरी पेयजल शाखा, पब्लिक हेल्थ विभाग।