पत्नी की हत्या के आरोपी सीआरपीएफ जवान को साथ लेकर तोशाम पुलिस ने अन्नू के शव को तलाशने के लिए सोनीपत के गन्नौर की खुबडू झाला नहर में कई घंटों तक सर्च अभियान चलाया। इसके लिए तोशाम पुलिस ने स्थानीय पुलिस की भी मदद ली लेकिन गोताखोर अब तक शव नहीं तलाश सके हैं।
गांव मनसरवास निवासी सीआरपीएफ जवान दिनेश ने 2 अक्तूबर की रात को अपनी पत्नी अन्नू की गला घोंटकर हत्या करने के बाद बाइक पर 100 किलोमीटर दूर ले जाकर गन्नौर की खुबडू झाला नहर में शव फेंक दिया था।
तोशाम पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाली कैरू पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष वालिया की टीम गुरुवार सुबह सोनीपत के गन्नौर में खुबडू झाला नहर पर उस जगह पहुंची जहां पर दिनेश ने पत्नी के शव को नहर के अंदर पानी में फेंका था। पुलिस के गोताखोरों ने उस जगह के आसपास के चप्पे-चप्पे को छान मारा, मगर अन्नू के शव का कुछ पता नहीं चला।
गौरतलब होगा कि दिनेश की फेसबुक के जरिये ही अन्नू नामक लड़की से 2018 में दोस्ती हुई थी। इसके बाद उसने अन्नू के साथ प्रेम विवाह किया था। उसकी दो साल की एक बेटी भी है। इसके बाद दिनेश की फेसबुक पर अन्य लड़की से दोस्ती हुई।
वह उससे प्रेम विवाह करने की चाहत रखने लगा। दिनेश अपनी दिल्ली वाली प्रेमिका से विवाह करने में रास्ते का रोड़ा बनी अन्नू को मौत के घाट उतारने की ठान चुका था। इसलिए उसने 2 अक्तूबर की रात गला घोटकर अन्नू की हत्या कर दी।
इसके बाद अन्नू के शव को बोरी में डाल बाइक पर ही 100 किलोमीटर का सफर तय कर गन्नौर की खुबडू झाला नहर पर पहुंचा, जहां उसने अन्नू के शव को पानी में फेंक दिया था। दिनेश ने अपनी पत्नी के लापता होने की रिपोर्ट भी पुलिस में दर्ज कराई थी, लेकिन दिनेश के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से हत्या का राज पुलिस के सामने खोल दिया।
आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर
अपनी पत्नी अन्नू की हत्या के आरोपी सीआरपीएफ के जवान दिनेश को पुलिस ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। वीरवार को पुलिस गन्नौर की खुबडू झाला नहर पर भी उसे साथ लेकर गई थी, जहां अन्नू का शव पानी में फेंका था। पुलिस के गोताखोर शव की तलाश में जुटे हैं, जल्द ही शव बरामद कर लिया जाएगा।
- मनीष वालिया, इंचार्ज, कैरू पुलिस चौकी भिवानी
शव तलाशा गया, मगर नहीं मिला
भिवानी पुलिस एक महिला के शव की तलाश में गन्नौर के खुबडू झाला नहर पर पहुंची थी, लोकल पुलिस और गोताखोरों की मदद से काफी देर पानी में महिला का शव तलाशा गया, मगर नहीं मिला।
- सुनील कुमार, इंचार्ज गन्नौर पुलिस थाना सोनीपत।