तोशाम। प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना के तहत सरकार प्रत्येक घर में स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल देने के लिए वचनबद्ध है। मंगलवार को गांव संडवा में निगाना फीडर से सिवानी लिंक नहर में डाली जा रही पाइप लाइन का निरीक्षण कर रहे थे।
कृषि मंत्री ने संडवा गोशाला में पांच लाख रुपये अनुदान सहायता राशि देने की घोषणा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक रजवाहे और माइनरों की टेल तक पूरा पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता के मौके पर उपस्थित न पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि उनके हितों को किसी प्रकार की आंच नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस लिंक नहर में डल रहे पाइप लाइनों के बीच अधिक से अधिक हौद बनाए जाएं ताकि भूमि का जलस्तर सही रहे। उन्होंने कहा कि संडवा गांव में पेयजल की कोई दिक्कत नहीं रहने दी जाएगी, इसके लिए चाहे टैंकरों से पानी की आपूर्ति भी क्यों न करवानी पड़े। इसी प्रकार से उन्होंने संडवा से सुंगरपुर सड़क मार्ग के सुधारीकरण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस सड़क मार्ग का शीघ्र ही नव निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम मनीष फौगाट, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता प्रदीप यादव, कार्यकारी अभियंता राहुल शर्मा, एसडीओ अंशुल कादयान, एसडीओ परमवीर सिंह, रविंद्र मंढोली, पूर्व चेयरमैन अनिल झाझड़िया, गजानंद अग्रवाल, कृष्ण हेतमपुरिया, धर्म सिंह हसानिया, मनीष सेपट, शत्रुघन पायल, विनोद कुमार, सज्जन कुमार, गुड्डू बिधवान, वीरेंद्र लांबा, सतबीर भालौठीया, सतपाल उपस्थित रहे।