भिवानी। बूंदाबांदी के बाद गणतंत्र दिवस की तैयारियों में जुटे बच्चों को अपनी रिहर्सल बीच में रोकनी पड़ी। बरसात से बचने के लिए बच्चे इधर-उधर दौड़ते दिखाई दिए। बाद में इनडोर हॉल में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल की।
26 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को रिहर्सल के स्टेडियम में बुलाया जा रहा है। मंगलवार को परेड के बच्चों को स्टेडियम में बुलाया गया लेकिन मौसम खराब व बूंदाबांदी होने पर बच्चों को वापस स्कूल भेजना पड़ा।
बूंदाबांदी होने के बाद भी बच्चों को स्टेडियम में रिहर्सल के लिए बुलाया गया। बच्चों के पहुंचने के बाद रिहर्सल शुरू ही होनी थी की तेज बूंदाबांदी होनी शुरू हो गई। कई बच्चे बचाव के लिए बसों की तरफ दौड़ने लगे तो कई बच्चे स्टेडियम के ही लगे शेड के नीचे जाकर खड़े हो गए ।
परेड के बच्चों को भेजा वापस
रेस ट्रेक पर पानी जमा होने के कारण परेड के बच्चों को स्कूल में वापस भेजा गया और उन्हे अगले दिन पहुंचने के लिए कहा गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों स्टेडियम हॉल में रिहर्सल कराई गई।