हरियाणा में शनिवार को एचटेट का आयोजन किया गया। पहले दिन 244 परीक्षा केंद्रों पर 70733 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा बनाए गए कंट्रोल रूम में सीसीटीवी के माध्यम से प्रदेशभर में ऑनलाइन नजर रखी गई। परीक्षा के पहले दिन आठ परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा गया, जिनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।\
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने बताया कि प्रदेशभर में 19 दिसंबर को प्रात: कालीन सत्र में लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा में 77,510 अभ्यर्थी 267 परीक्षा केंद्रों में प्रविष्ट होंगे। इस परीक्षा का समय 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा। इसके अतिरिक्त सायंकालीन सत्र में लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा में 39,708 अभ्यर्थी 140 परीक्षा केंद्रों में प्रविष्ट होंगे। परीक्षा का समय दोपहर तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक रहेगा।
अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र में दाखिल होने से पहले तीन चरणों में तलाशी ली गई और दस्तावेज जांचे गए। अभ्यर्थियों के केंद्र में प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई। उसके बाद बायोमीट्रिक मशीन से अभ्यर्थियों की बाई आंख की स्क्रीनिंग की गई। तीसरे चरण में उनके दस्तावेज जांचे गए हैं। सभी अभ्यर्थियों की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। सभी परीक्षा केन्द्रों पर जैमर व सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई।
कोरोना के चलते इस बार परीक्षा को लेकर सभी को संकोच था मगर आखिरकार परीक्षा का आयोजन हो ही गया। परीक्षा की तैयारी अच्छी की थी और परीक्षा भी अच्छी हुई है। मैंने पहली बार परीक्षा दी है तो उम्मीद है परीक्षा उत्तीर्ण हो जाएगी। - नीतू, परीक्षार्थी, लोहारू।
मैंने दूसरी बार एचटेट की परीक्षा दी है। इस बार परीक्षा बहुत बढ़िया हुई है, तो लग रहा है कि परीक्षा में पास हो जाऊंगी। महाविद्यालय प्रशासन के द्वारा सभी व्यवस्था अच्छी करवाई हुई थी। परीक्षा के दौरान कोई परेशानी नहीं हुई। - ज्योति, परीक्षार्थी, हांसी।
सर्दी के मौसम में गृह जिला में सेंटर आने से कोई परेशानी नहीं हुई। एचटेट का प्रश्नपत्र ठीक आ रखा था और मैंने पढ़ाई भी अच्छे से की थी। मैंने दूसरी बार एचटेट की परीक्षा दी है तो इस बार परीक्षा उत्तीर्ण हो जाएगी। -सोनू चौहान, परीक्षार्थी, हालुवास।
परीक्षा केंद्र में सभी व्यवस्था बेहतर की हुई थी। परीक्षार्थियों को कोई समस्या नहीं आई। इस बार सुरक्षा की दृष्टि से भी पुख्ता प्रबंध किए हुए थे। परीक्षा अच्छी गई है, उम्मीद है इस बार परीक्षा में अच्छे नंबर आएंगे। - प्रीति, परीक्षार्थी, भिवानी।