भिवानी नागरिक अस्पताल में कोरोना टेस्ट करते स्वास्थ्य कर्मी। विज्ञप्ति
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को 65 नए मरीजों के संक्रमण की चपेट में आने की पुष्टि हुई है। जिले में कुल 143 मरीज हो गए हैं। इनमें से शहरी क्षेत्र में 82 और ग्रामीण क्षेत्र के 61 मरीज हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को जिलेभर से 2400 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। मंगलवार को इनकी रिपोर्ट आएगी। जो लोग कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं, उन्हें घरों में ही आइसोलेट किया जा रहा है। इसके अलावा जिन लोगों की हालत गंभीर होती है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाता है। इसके लिए अस्पताल में अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है।
एसपी की रिपोर्ट आई निगेटिव
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भिवानी दौरे के बाद कोरोना संक्रमित हो गए थे। इस दौरान उन्होंने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी बैठक की थी। उनके संक्रमित होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने भी अपना रैपिड व आरटीपीसीआर टेस्ट करवाया था। रैपिड टेस्ट की रिपोर्ट रविवार को ही निगेटिव आई थी और सोमवार को आरटीपीसीआर की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।