भिवानी। स्वास्थ्य विभाग 13 से 15 सितंबर पर मेगा शिविर के माध्यम से लोगों को वैक्सीन की डोज लगाएगा। मेगा शिविर के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने हर सीएचसी स्तर पर एरिया सुपरवाइजर और एरिया नोडल ऑफिसर तय किया है। उन्हें की देखरेख में टीकाकरण अभियान किया जाएगा। जिले भर में टीकाकरण के लिए 36 स्थायी और 151 अस्थायी केंद्रों पर वैक्सीन लगाई जाएगी।
इस अभियान के लिए स्वास्थ्य निदेशालय ने जिले को तीन दिन में 75 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य दिया था, मगर जिला स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्तर पर इस लक्ष्य को बढ़ाकर 90 हजार किया है। शनिवार को पत्रकार वार्ता के दौरान सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने शुक्रवार को पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक किरण चौधरी के आरोपों को भी निराधार बताया।
इन्हें किया सुपरवाइजर और नोडल ऑफिसर नियुक्त
मेगा शिविर के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले की सीएचसी स्तर पर अलग से सुपरवाइजर और नोडल ऑफिसर नियुक्त किए गए है। इन सुपरवाइजर और नोडल ऑफिसर को वैक्सीनेशन की रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों की भेजनी है। इसके लिए सीएचसी मिरान व सिवानी के लिए उप सिविल सर्जन डॉ. विनोद पंवार को सुपरवाइजर और डॉ. हरेंद्र को नोडल ऑफिसर, सीएचसी लोहारू में उप सिविल सर्जन डॉ. संध्या गुप्ता को सुपरवाइजर और डॉ. गौरव को नोडल ऑफिसर, सीएचसी मानेहरू में उप सिविल सर्जन डॉ. राकेश खटक को सुपरवाइजर और डॉ. लवांशु को नोडल ऑफिसर, सीएचसी धनाना के लिए उप सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार को सुपरवाइजर और डॉ. राकेश अरोड़ा को नोडल ऑफिसर, सीएचसी जमालपुर के लिए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आशीष सांगवान को सुपरवाइजर और डॉ. राजसिंह को नोडल ऑफिसर, सीएचसी तोशाम के लिए उप सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार को सुपरवाइजर और डॉ. पुनीत को नोडल ऑफिसर, अर्बन भिवानी प्रथम के लिए उप चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार को सुपरवाइजर और डॉ. विनय को नोडल ऑफिसर, अर्बन भिवानी द्वितीय के लिए दंतक सर्जन डॉ. नवीन नैन को सुपरवाइजर और डॉ. आयुषी को नोडल ऑफिसर तय किया है।
केंद्र अनुसार टीकाकरण का लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग ने जिले भर में 36 स्थायी केंद्रों सहित 151 सब सेंटर पर 90 हजार वैक्सीन लगाने का लक्ष्य लिया है। इनमें अलखपुरा 2241, चांग 2957, धनाना 2511, पुर 2826, सूई 2992, तालु 2532, कैरू 3247, ढाणीमाहूं 2267, दिनोद 2351, जूई 3059, बहल 4764, ढ़िगावा 2146, लोहारू 2646, नकीपुर 2647, सोहासड़ा 1815, बामला 2508, खरक 3192, मानेहरू 3019, नंदगांव 2072, बड़वा 2372, गुरेरा 1570, झुप्पां 2645, लीलस 2045, मीरान 2035, बीरान 2677, जमालपुर 3169, संडवा 3772, तोशाम 4530 के अलावा वार रूम, यूपीएचसी ढाणा रोड, यूपीएचसी सेवानगर, आरवीसी, ईएसआई डिस्पेंसरी, ईएसआई अस्पताल, हुडा डिस्पेंसरी में 13390 वैक्सीन लगाने का लक्ष्य लिया गया है।
कांग्रेस विधायक के आरोप निराधार, पारदर्शिता से हो रहे कार्य
शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने कांग्रेस विधायक किरण चौधरी के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में जो अस्थायी भर्ती हो रही हैं, वे जिला प्रशासन की देखरेख में वीडियो ग्राफी सहित उचित सुरक्षा प्रबंधों के अनुसार हो रही हैं। साथ ही कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए भी नागरिक अस्पताल सहित सीएचसी स्तर पर भी उचित व्यवस्था की हुई है।
90 हजार लोगों को लगेगी वैक्सीन
वैक्सीनेशन अभियान को अधिक सक्रिय करने के लिए जिले में तीन दिवसीय मेगा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए 36 स्थायी और 115 अस्थायी केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा। जिले में 90 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य लिया गया है।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन।