भिवानी। अब जिले की प्रत्येक मंडी में सरकारी खरीद पर तीन अधिकारियों की कमेटी निगरानी करेगी। ये अधिकारी एजेंसियों की ओर से की जाने वाली खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए भी जिम्मेदार होंगे। कमेटी में शामिल अधिकारी मंडियों में खरीद एजेंसियों के बीच सामंजस्य बनाएंगे। कोई दिक्कत आती है तो उसे भी दूर कराएंगे।
एक अक्तूबर से किसानों का बाजरा, मूंग, धान और मक्का की सरकारी खरीद शुरू होगी। सरकारी खरीद पर निगरानी के लिए मंडी स्तर पर तहसीलदार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, मार्केटिंग बोर्ड व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की निगरानी कमेटी बनाई गई है। इसके अलावा अतिरिक्त उपायुक्त व खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक भी मंडियों में खरीद का जायजा लेने के लिए औचक निरीक्षण करेंगे। इसकी साप्ताहिक रिपोर्ट भी खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को भेजेंगे।
हरियाणा सरकार ने किसानों की खरीफ फसल एमएसपी रेट पर खरीद करने के लिए भिवानी जिले में नौ मंडियां निर्धारित की हैं। इनमें भिवानी, जूई, लोहारू, सिवानी, बहल, तोशाम, कैरू, भेरा, ईशरवाल शामिल हैं। किसानों का बाजरा 2250 रुपये के एमएसपी पर खरीदा जाएगा। भिवानी में पिछले खरीफ सीजन में हैफेड ने 88162 मीट्रिक टन व एचडब्ल्यूसी ने 43790 मीट्रिक टन बाजरा खरीदा था। दोनों ही एजेंसियों ने जिले के 49739 किसानों से एक लाख 31 हजार 952 मीट्रिक टन बाजरा की रिकॉर्ड तोड़ खरीद की थी। इस बार बाजरा पिछले साल की मुकाबले कम होगा, क्योंकि इस बार जिले में मूंग की भी सरकारी खरीद शुरू होगी। इसी तरह हैफेड ने 341 मीटिन टन व एचडब्ल्यूसी ने 432 मीट्रिक टन मूंग खरीद किया था। दोनों ही एजेसियों ने जिले में 507 किसानों के 773 मीट्रिक टन मूंग की खरीद की थी। मूंग का एमएसपी 7275 रुपये तय किया हुआ है। (संवाद)
कौन सा अधिकारी किस मंडी में करेगा निगरानी
- भिवानी मंडी : तहसीलदार भिवानी, सचिव मार्केट कमेटी भिवानी, खाद्य निरीक्षक संजय कुमार।
- जूई मंडी : खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी तोशाम, सचिव मार्केट कमेटी जूई, अजय कुमार खाद्य निरीक्षक।
- लोहारू मंडी : उप तहसीलदार लोहारू, सचिव मार्केट कमेटी लोहारू, संदीप कुमार खाद्य निरीक्षक।
- सिवानी मंडी : उप तहसीलदार सिवानी, सचिव मार्केट कमेटी सिवानी, आजाद सिंह खाद्य निरीक्षक।
- बहल मंडी : उप तहसीलदार बहल, सचिव मार्केट कमेटी बहल, अनुराग खाद्य निरीक्षक।
- तोशाम मंडी : उप तहसीलदार तोशाम, सचिव मार्केट कमेटी तोशाम, उमेद सिंह खाद्य निरीक्षक।
- कैरू मंडी : खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कैरू, सचिव मार्केट कमेटी तोशाम, रूपेश धायल उप खाद्य निरीक्षक।
- भेरा मंडी : खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कैरू, सचिव मार्केट कमेटी सिवानी, पवन कुमार खाद्य निरीक्षक।
- ईशरवाल मंडी : खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सिवानी, सचिव मार्केट कमेटी तोशाम, पवन कुमार खाद्य निरीक्षक।
किसानों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी
मंडियों में खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लेने और खरीद के दौरान किसी भी किसान को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जिला उपायुक्त के निर्देश पर इसके लिए प्रत्येक मंडी में निगरानी कमेटी बनाई गई है। जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। संबंधित खरीद एजेंसियां शेड्यूल के हिसाब से फसल खरीद करेंगी। खरीद के दौरान मंडियों में आपसी सामंजस्य बनाना भी कमेटी का काम होगा।
- अनिल कालरा, नोडल अधिकारी एवं जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, भिवानी।