लोक अदालत में परिवादों का निपटारा करते न्यायधीश व पैनल अधिवक्ता। विज्ञप्ति
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को किया गया। इसमें कुल 3347 मामले रखे गए, जिनमें से 2760 मामलों का निपटारा किया। लोक अदालत जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण भिवानी के चेयरमैन एवं सत्र न्यायाधीश रमेश चंद्र डिमरी के मार्गदर्शन में हुआ।
प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम हिमांशु सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालय के अलावा तोशाम, सिवानी व लोहारू न्यायिक परिसर में भी लोक अदालत का आयोजन किया। लोक अदालत में आपराधिक मोटर वाहन दुर्घटना, पारिवारिक मामले, बैंक ऋण, दीवानी मामले, चेक बाउंस, राजस्व से संबंधित मामले रखे गए। जिला मुख्यालय पर भिवानी की लोक अदालत में रखे गए कुल 2873 में से 2444 मामलों का निपटारा किया। लोहारू में 51 में से 33, तोशाम में 251 में से 232, सिवानी में 74 में से 51 मामलों का मौके पर ही निपटारा किया। जिले भर की अदालतों में कुल 3347 मामले रखे गए, जिनमें से 2760 मामलों का निपटारा करने पर 39116257.59 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर अतिरिक्त प्रधान न्यायधीश (फैमली कोर्ट) भिवानी नरेंद्र पाल, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक नासीर, राकेश कादियान एसीजेएसडी कम पीएमजेजेबी, धर्मपाल सीजे (जेडी) कम जेएमआईसी, सिवानी कोर्ट में संतोष भगोतिया, लोहारू कोर्ट में जतिन गुजराल, तोशाम कोर्ट में जोगिंद्र सिंह की कोर्टों में मामले रखे गए। इस दौरान पैनल अधिवक्ता व पैरा लीगल वालंटियर भी मौजूद रहे।