गांव कालूवास फाटक के पास मालगाड़ी का इंजन हुआ खराब, एक घंटे तक जाम में फंसे रहे वाहन
भिवानी। गांव कालूवास के समीप भिवानी-रोहतक रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह मालगाड़ी का इंजन खराब होने से रेल यातायात करीब एक घंटा तक बाधित रहा। इसकी वजह से भिवानी-रोहतक पैसेंजर भी देरी से चली। इसके अलावा फाटक बंद होने से भिवानी और महम की तरफ आने जाने वाले वाहन एक घंटे तक फंसे रहे। भिवानी से नए इंजन की व्यवस्था किए जाने पर यातायात सुचारू हो पाया।
गांव कालूवास रेलवे फाटक के समीप भिवानी-रोहतक रेल ट्रैक पर रविवार सुबह करीब 8 बज कर 45 मिनट पर 52 डिब्बों की मालगाड़ी का इंजन अचानक खराब हो गया। करीब एक घंटा तक इस मार्ग पर रेल व सड़क यातायात प्रभावित रहा। भिवानी से 9 बजकर 50 मिनट पर रोहतक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन करीब आधा घंटे की देरी से चलानी पड़ी। सिंगल ट्रैक होने पर नया इंजन लगाने में भी रेलवे मैकेनिकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
---
वाहनों की लगी लंबी कतार
गांव कालूवास के फाटक बंद रहने से भिवानी व महम की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। करीब एक घंटे तक सड़क मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ वाहन चालकों ने नाथूवास गांव की ओर से अप्रोच रास्ते से शहर तक पहुंचे।
--
भिवानी से नया इंजन मंगवा कर किया ट्रैक चालू
इंजन ठीक ना होने पर भिवानी से नया इंजन भेजकर माल गाड़ी को रवाना किया गया। इसके बाद यह मार्ग चालू हो पाया। इसके बाद ही रेलवे अधिकारी व कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। दूसरा इंजन भेजने में विभाग को घंटा भर लगा। इस दौरान मालगाड़ी भिवानी-रोहतक ट्रैक पर खड़ी रही और रेलगाड़ियों की आवाजाही बंद रही।
--
भिवानी से नया इंजन भेजकर माल गाड़ी को रवाना कर दिया गया था। इंजन की पावर फेल हो गई थी। जिस कारण यह दिक्कत आई। हालांकि इसका यात्री ट्रेनों पर ज्यादा असर नही पड़ा।
- एसएस गुप्ता, अधीक्षक रेलवे स्टेशन