हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा के पहले दिन सामाजिक विज्ञान के पेपर में खूब नकल चली। पुलिस और बोर्ड के उड़नदस्ते की सक्रियता के बावजूद परीक्षा शुरू होने के महज 10 मिनट के अंदर ही प्रश्न पत्र आउट होने के बाद सोशल मीडिया में वायरल हो गया।
यह कहना तो मुश्किल है कि प्रश्नपत्र कहां से आउट हुआ है। हमने बिरही कलां में एक परीक्षा केंद्र के बाहर एक युवक को पकड़ने का प्रयास किया तो वह बाइक और मोबाइल छोड़कर भाग गया। मोबाइल की जांच की तो पाया कि उसके पास व्हाट्सएप पर प्रश्नपत्र आया हुआ था। उसने आगे भेजा हुआ था और जिसको भेजा वहां से हल की हुई कॉपी आई, जिसकी पुलिस में शिकायत दी गई है। नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर बाहरी हस्तक्षेप रोकना जरूरी है। यह तभी संभव है जब धारा 144 का अच्छे से पालन करें। हम सभी जिलों के जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से सहयोग की उम्मीद करते हैं, ताकि बेहतर तरीके से नकल रहित परीक्षाओं का संचालन किया जा सके। - प्रो. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड।
तीन फर्जी परीक्षार्थी पकड़े
भिवानी के बवानीखेड़ा कस्बे के पूर रोड स्थित एलबीएस इंटरनेशनल स्कूल में मैट्रिक की परीक्षा के दौरान तीन फर्जी परीक्षार्थी पकड़े हैं। पकड़े गए तीनों फर्जी परीक्षार्थी नीरज, विक्की, राहुल क्रमश: अशोक, असलम, अखिलेश के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। तीनों को केंद्र अधीक्षक ने पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने केंद्र अधीक्षक जयकिशन की शिकायत पर तीनों फर्जी परीक्षार्थियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।