नारायणगढ़। शादी में खाना खा रहे युवक पर कुछ लोगों द्वारा सिर में बोतल मारकर घायल करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सरकारी अस्पताल अंबाला में उपचाराधीन गंभीर रूप से घायल अजय कुमार निवासी नबीपुर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आठ फरवरी को उनके गांव में उसके दोस्त मनीश की शादी थी। इसमें वह तीन बजे खाना खाने गया था। वहां अमन, गुरमीत निवासी नबीपुर और नीलू वासी राउमाजरा पहले से ही शराब पी रहे थे। उन्होंने खाना खाते समय उसे गालियां देनी शुरू कर दी। इसके बाद हाथ में पकड़ी शराब की बोतल उसके सिर पर दे मारी। अमन व नीलू ने उसे पकड़कर लाते व मुक्के मारने शुरू कर दिए। अमन ने दोबारा से बोतल का वार उसके ऊपर किया। अजय के अनुसार वहां पर मौजूद रोहित व मनजीत ने तीनों को छुड़वाया। लोगों को इकट्ठा होते देख तीनों हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
अजय कुमार के अनुसार लगभग छह माह पूर्व अमन के भाई प्रिंस के साथ शहजादपुर पुल पर उनका झगड़ा हुआ था। इसमें उसके भाई रजनीश का नाम भी आया था। इसी रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट की गई है। अजय कुमार के अनुसार लड़ाई-झगड़े में उसके कपड़े फट गए और सोने की चैन भी टूट कर गिर गई। बाद में वह सामान्य अस्पताल नारायणगढ़ पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छावनी सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।